Development News : स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, मेकाहारा परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने की समीक्षा
मंत्रालय में स्वास्थ्य और पीडब्ल्यूडी सचिव की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक; ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर और सिकल सेल इंस्टीट्यूट के कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

रायपुर,। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और अधोसंरचना के विस्तार को लेकर राज्य सरकार ने अपनी कवायद तेज कर दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में मंत्रालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सचिव, लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव तथा दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में जारी स्वास्थ्य परियोजनाओं को गति देना और गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करना था।
बैठक के दौरान पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय (मेकाहारा), रायपुर परिसर में संचालित विभिन्न प्रमुख निर्माण कार्यों की प्रगति का बिंदुवार जायजा लिया गया। मंत्री ने परिसर में बन रहे नए अत्याधुनिक ट्रॉमा सेंटर, क्रिटिकल केयर यूनिट, नवीन सिकल सेल इंस्टीट्यूट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल तथा स्टाफ रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये सभी प्रोजेक्ट्स प्रदेश की स्वास्थ्य प्रणाली को मजबूत करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने लोक निर्माण विभाग और निर्माण एजेंसियों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और निर्धारित समय-सीमा के भीतर काम पूरा किया जाए। आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय पर पूरा होने से आम जनता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जल्द से जल्द मिल सकेगा।



