Fire Incident News : जगदलपुर के बुक डिपो में लगी भीषण आग, शटर तोड़कर आग बुझाने में जुटी SDRF की टीम
अनुपमा चौक स्थित सूरज इंटरप्राइजेज में हुआ हादसा, दुकान से धुआं और लपटें उठते देख इलाके में मचा हड़कंप

जगदलपुर, 4 अगस्त। बस्तर जिले के जगदलपुर शहर अंतर्गत अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास देर रात एक बुक डिपो में भीषण आग लग गई। सूरज इंटरप्राइजेज नामक इस दुकान से अचानक धुआं और लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। स्थानीय नागरिकों ने बिना देर किए घटना की सूचना पुलिस, दमकल विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को दी।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और अग्निशमन दल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। बुक डिपो का मुख्य शटर पूरी तरह बंद होने के कारण राहत और बचाव कर्मियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ के जवानों ने कटर की मदद से शटर को तोड़ा और कड़ी मशक्कत के बाद दुकान के भीतर पानी की बौछारें डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
इस भीषण अग्निकांड में दुकान के अंदर रखीं कॉपियां, किताबें और लाखों रुपये का स्टेशनरी सामान जलकर खाक हो गया है। प्राथमिक कयासों के अनुसार आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और दमकल की टीम आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन करने और आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटी हुई है।



