Governance News : मंत्रालयीन कर्मचारी संघ को झटका, उप सचिव अंशिका पाण्डेय के खिलाफ दायर प्रकरण सामान्य प्रशासन विभाग ने किया नस्तीबद्ध
Administration News : छत्तीसगढ़ सामान्य प्रशासन विभाग ने उप सचिव अंशिका पाण्डेय के खिलाफ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ की शिकायत फाइल नस्तीबद्ध (बंद) कर दी है।

रायपुर, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा झटका लगा है। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने स्थापना शाखा में लंबे समय से पदस्थ उप सचिव अंशिका ऋषि पाण्डेय के खिलाफ संघ द्वारा सौंपे गए गंभीर आरोपों वाले ज्ञापनों पर किसी प्रकार की दंडात्मक या स्थानांतरण की कार्रवाई न करते हुए पूरे प्रकरण को नस्तीबद्ध (फाइल बंद) कर दिया है। शासन के इस रुख से कर्मचारी संघ की मांगों को दरकिनार कर दिया गया है।
मामले की पृष्ठभूमि के अनुसार, छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ ने 23 जून को एक विस्तृत ज्ञापन और उसके बाद 22 जुलाई को स्मरण-पत्र के माध्यम से मुख्य सचिव तथा सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र सौंपा था। संघ का आरोप था कि उप सचिव अंशिका पाण्डेय पिछले 5 वर्षों से भी अधिक समय से स्थापना जैसी अत्यंत संवेदनशील सीट पर पदस्थ हैं, जो कि सामान्य प्रशासन विभाग के ही तीन वर्ष की अधिकतम पदस्थापना वाले स्थानांतरण नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।
कर्मचारी संघ ने अपने ज्ञापन में यह मुद्दा उठाया था कि एक ही स्थान पर दीर्घकालिक पदस्थापना से प्रशासनिक कार्यों में निष्पक्षता प्रभावित होती है और नियमों की अनदेखी की जा रही है। हालांकि, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा प्रकरण को आधिकारिक रूप से नस्तीबद्ध किए जाने के बाद अब इस विवाद पर प्रशासनिक विराम लग गया है, लेकिन इसे लेकर मंत्रालयीन कर्मचारियों और संघ के पदाधिकारियों के बीच असंतोष की स्थिति बनी हुई है।



