Governance News : गुजरात में छत्तीसगढ़ पर्यटन की दमदार दस्तक, गांधीनगर के ‘ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर’ में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की प्रभावी सहभागिता
देशभर के प्रतिनिधियों ने सराहा राज्य का पर्यटन वैभव; 26 पंजीकृत टूरिज्म व्यवसायियों संग 100 वर्ग मीटर के आकर्षक पवेलियन ने खींचा सबका ध्यान

रायपुर, 8 अगस्त। गुजरात के गांधीनगर में 6 से 8 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय ‘ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर’ (TTF) में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने अपनी दमदार और प्रभावी सहभागिता दर्ज कराई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में राज्य के प्राकृतिक, सांस्कृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और एडवेंचर पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया। फेयरफेस्ट मीडिया द्वारा आयोजित इस भव्य पर्यटन मेले में देशभर से पहुंचे हजारों पर्यटन प्रतिनिधियों, ट्रैवल एजेंट्स और उद्योगपतियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर की जमकर सराहना की।
गांधीनगर में छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा 100 वर्ग मीटर क्षेत्र में एक बेहद सुंदर और आकर्षक पवेलियन तैयार किया गया था। इस पवेलियन में राज्य के चित्रकूट जलप्रपात, बस्तर की जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक मंदिरों और वन क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता को प्रदर्शित किया गया। इसके साथ ही, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीकृत 26 निजी ट्रैवल एजेंट्स और होटल व्यवसायियों ने भी मेले में सहभागिता की। इस साझा मंच से देश भर के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स और यात्रा संचालकों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) संवाद हुआ, जिससे छत्तीसगढ़ के लिए नए टूर पैकेजेस और पर्यटन सर्किट विकसित करने में मदद मिलेगी।
मेले में गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, गोवा, केरल और उत्तराखंड सहित कई राज्यों तथा केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने हिस्सा लिया था। छत्तीसगढ़ पवेलियन में पहुंचे नए ट्रैवल एजेंट्स और टूरिज्म इन्वेस्टर्स ने राज्य के साथ काम करने और टूरिज्म बोर्ड के साथ पंजीयन कराने में विशेष दिलचस्पी दिखाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजनों से राज्य की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच मिलता है, जिससे पर्यटन क्षेत्र में निवेश, रोजगार के नए अवसर और स्थानीय अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व मजबूती मिलेगी।



