छत्तीसगढ़

CG Tourism Minister Meeting : पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से ग्लोबल ट्रैवल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल की सौजन्य भेंट

छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास, एयर कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर हुई सार्थक चर्चा; 22 अगस्त को होने वाले GTA कॉनक्लेव के लिए मंत्री को सौंपा गया आमंत्रण

रायपुर, 8 अगस्त। ग्लोबल ट्रैवल एसोसिएशन (जीटीए) के अध्यक्ष मनीष जैन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल से सौजन्य भेंट की। इस बैठक के दौरान राज्य में पर्यटन की असीम संभावनाओं को विस्तार देने, प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त पहचान दिलाने तथा पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत और सकारात्मक चर्चा हुई।

बैठक में राज्य की एयर कनेक्टिविटी, सड़क नेटवर्क, पर्यटन अवसंरचना (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच को आसान बनाने जैसे मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। जीटीए प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध जनजातीय व सांस्कृतिक विरासत तथा धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत संपन्न राज्य है और सरकार पर्यटकों को विश्वस्तरीय अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुलाकात के दौरान जीटीए के महासचिव शुभम अग्रवाल और कोषाध्यक्ष राहुल वासवानी ने पर्यटन मंत्री को आगामी 22 अगस्त को आयोजित होने वाले ‘जीटीए कॉनक्लेव’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया, जिसे मंत्री ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस दौरान जीटीए सदस्य आकाश दुधानी, आकाश अग्रवाल, अंशुल खरे, सनी बंसल, प्रणय एवं आयुष बजाज भी उपस्थित थे। प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास जताया कि शासन और निजी क्षेत्र के इस समन्वय से राज्य में पर्यटन उद्योग और रोजगार को नई दिशा मिलेगी।

Related Articles

Back to top button