छत्तीसगढ़

CG Development: शहरी क्षेत्रों में PNG गैस नेटवर्क का होगा विस्तार, मुख्य सचिव ने अधोसंरचना विकास तेज करने दिए निर्देश

छत्तीसगढ़ में PNG गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार की तैयारी तेज हो गई है। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहरी क्षेत्रों में गैस अधोसंरचना, स्वच्छ ईंधन और तकनीकी प्रशिक्षण पर जोर दिया गया।

CG Development: रायपुर, 19 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में पाइपलाइन आधारित प्राकृतिक गैस यानी PNG के उपयोग और वितरण व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार ने तैयारी तेज कर दी है। मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति (CGD) के तहत गठित राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी क्षेत्रों में गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार, आवश्यक अधोसंरचना और नीति के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

PNG Gas: घरेलू और औद्योगिक उपयोग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को पाइपलाइन के माध्यम से प्राकृतिक गैस के घरेलू, औद्योगिक और वाणिज्यिक उपयोग को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय आवासीय कॉलोनियों, स्कूलों, कॉलेजों, छात्रावासों, अस्पतालों, हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, शासकीय संस्थानों, टाउनशिप, केंद्रीय रसोई और कैंटीनों में PNG अधोसंरचना विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

बैठक में बताया गया कि PNG सिस्टम के विस्तार से प्रदेश में प्राकृतिक गैस वितरण व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही घरेलू, औद्योगिक और परिवहन क्षेत्र में स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा मिलने से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिल सकती है।

CGD Network: सुरक्षित और बेहतर गैस आपूर्ति पर जोर

बैठक में प्रदेश में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क के विस्तार और आवश्यक अधोसंरचना के विकास पर चर्चा हुई। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को नीति के क्रियान्वयन से जुड़े सभी पहलुओं का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए प्रदेश की गैस वितरण व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।

Plumber और Field Technician की होगी Training

गैस वितरण व्यवस्था के विस्तार के साथ तकनीकी मानव संसाधन को मजबूत करने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों में प्लंबर और फील्ड टेक्नीशियन के प्रशिक्षण, क्षमता निर्माण और कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की बात कही गई।

बैठक में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले, परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, आवास एवं पर्यावरण विभाग के सचिव अंकित आनंद, राजस्व विभाग की सचिव शम्मी आबिदी, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह सहित जल संसाधन, लोक निर्माण, नगरीय विकास, पर्यावरण संरक्षण मंडल तथा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड, पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन, सार्वजनिक क्षेत्र की ऑयल कंपनियों और प्राधिकृत इकाइयों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। राज्य में PNG और सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन व्यवस्था के विस्तार को शहरी अधोसंरचना विकास और स्वच्छ ईंधन के उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button