छत्तीसगढ़

Education Development News: शिक्षा, तकनीक और रोजगार से संवर रहा छत्तीसगढ़ के युवाओं का भविष्य—मुख्यमंत्री साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2026 कार्यक्रम में टॉपर बेटियों को सम्मानित किया। 34 नालंदा परिसर, AI मिशन और रोजगार के नए अवसरों की जानकारी दी।

Education Development News: रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक तकनीक और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के बच्चों और युवाओं का भविष्य संवारने का काम किया जा रहा है। उन्होंने रायपुर में आयोजित आईबीसी24 ‘स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप 2026’ कार्यक्रम में प्रदेश की टॉपर बेटियों को सम्मानित कर स्कॉलरशिप प्रदान की।

प्रदेश की टॉपर बेटियों को मिला सम्मान

कार्यक्रम में कक्षा 12वीं में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बेमेतरा की ओमनी वर्मा को एक लाख रुपये की स्कॉलरशिप और सम्मान पत्र दिया गया। उनके विद्यालय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या विद्यालय, बेमेतरा को भी एक लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

34 नालंदा परिसर और AI मिशन पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 34 स्थानों पर नालंदा परिसर विकसित किए जा रहे हैं, जहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। नई दिल्ली के ट्राइबल यूथ हॉस्टल में रहकर तैयारी करने वाले छत्तीसगढ़ के 13 विद्यार्थियों ने इस वर्ष UPSC प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण की है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ AI मिशन शुरू किया जा रहा है। इसके लिए सरकार ने 500 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को AI और अन्य आधुनिक तकनीकों के लिए तैयार करना है।

निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत अब तक करीब 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश के एमओयू हुए हैं। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाली औद्योगिक इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बारिश के बाद प्रदेश में रोजगार मेलों का आयोजन कर युवाओं को उद्योगों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से जोड़ा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पर्यटन के क्षेत्र में भी विकास को गति मिल रही है। उन्होंने स्वर्ण शारदा स्कॉलरशिप से सम्मानित छात्राओं को बधाई देते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button