Raipur Sports News: उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में हुए शामिल
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘खेलो इंडिया संवाद’ को वर्चुअली संबोधित किया

Raipur Sports News: रायपुर में आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम में खेल सुविधाओं के विस्तार, युवा सशक्तीकरण और वर्ष 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर युवाओं ने अपने विचार और सुझाव साझा किए। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में हुए इस कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव शामिल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।
देशभर में आयोजित इस संवाद से करीब 1600 स्थानों से 8 लाख से अधिक युवा जुड़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि खेल केवल पदक जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत के निर्माण में खेल शक्ति और युवा शक्ति को जोड़ने का माध्यम है। उन्होंने आधुनिक स्पोर्ट्स इकोसिस्टम तैयार करने, प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी बात रखी।
नशामुक्त युवा ही बनाएंगे विकसित भारत
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफलता के पीछे कठोर परिश्रम होता है और असफलता से निराश होकर नशे की ओर बढ़ना किसी समस्या का समाधान नहीं है। नशामुक्त युवा ही देश को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से अपनी कमियों को पहचानकर उन्हें दूर करने और पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई गई।
तिलक वर्मा ने बताया खेल का महत्व
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर तिलक वर्मा ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति को कठिन परिस्थितियों से निपटना, दबाव में बेहतर प्रदर्शन करना और टीम भावना के साथ काम करना सिखाता है। खेल से मानसिक स्थिरता, फिटनेस, स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
उन्होंने कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और नीरज चोपड़ा जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के सफल खिलाड़ियों ने लाखों युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया है।
युवाओं की शासन में भागीदारी पर भी चर्चा
यूथ-आइकन डॉ. प्रियंका बिस्सा ने युवाओं से केवल सुझाव देने तक सीमित नहीं रहने, बल्कि अपनी पहल की जिम्मेदारी लेने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व, शासन-प्रशासन और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा अपने प्रयासों में ओनरशिप की भावना के साथ काम करें।
‘युवा संवाद’ में एनआईटी के विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और युवाओं ने खेल अधोसंरचना, खेल सुविधाओं के विस्तार, मजबूत स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, 2036 के ओलंपिक के लिए प्रतिभा विकास, नशामुक्ति, युवा नेतृत्व और शासन में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर सुझाव दिए।
कार्यक्रम में एनआईटी के निदेशक डॉ. एन.वी. रमना राव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो, माय भारत के राज्य निदेशक अर्पित तिवारी सहित विभागीय अधिकारी, प्राध्यापक, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।



