छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Tourism News: पर्यटन क्षेत्र के उत्कृष्ट कार्यों को मिलेगा सम्मान, 10 श्रेणियों में होंगे विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026 के तहत 10 श्रेणियों में उत्कृष्ट पर्यटन सेवाओं को सम्मानित करेगा। आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर है।

Chhattisgarh Tourism News: छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की ओर से पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले होटल, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म से जुड़े लोगों एवं संस्थाओं को ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ से सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। प्रत्येक श्रेणी के विजेता को ₹11 हजार की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा।

पर्यटन क्षेत्र की 10 श्रेणियों में मिलेगा पुरस्कार

इस पुरस्कार योजना के तहत पर्यटन क्षेत्र की पूरी श्रृंखला को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया है। इसमें सर्वश्रेष्ठ होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिला टूरिज्म प्रमोशन, पर्यटन स्टार्टअप एवं उद्यमिता, सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म जैसी 10 श्रेणियां शामिल हैं।

पुरस्कारों के लिए चयन केवल आर्थिक प्रदर्शन के आधार पर नहीं होगा, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय समुदाय की भागीदारी, रोजगार सृजन, डिजिटल प्रचार, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और नवाचार जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा। इससे पर्यटन क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों और संस्थाओं को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

होटल, टूर ऑपरेटर और जिलों के प्रदर्शन का होगा मूल्यांकन

सर्वश्रेष्ठ होटल के चयन में MICE सुविधाएं, वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार, आयोजित कार्यक्रम, पर्यटन प्रचार, CSR गतिविधियां और रोजगार सृजन जैसे मानकों को देखा जाएगा। वहीं पंजीकृत टूर ऑपरेटरों का मूल्यांकन आवास, परिवहन, पर्यटन गतिविधियों, प्रचार सामग्री, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल के आधार पर किया जाएगा।

सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड के लिए पर्यटन स्थलों के विकास, गंतव्य प्रबंधन, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि, स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, हरित उपाय, स्थानीय संस्कृति और रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को आधार बनाया जाएगा।

पर्यटन स्टार्टअप और होमस्टे को मिलेगा बढ़ावा

पर्यटन क्षेत्र में नए विचारों और तकनीक के जरिए काम करने वाले स्टार्टअप एवं उद्यमियों को भी सम्मानित किया जाएगा। नए व्यावसायिक मॉडल, बेहतर पर्यटन सेवाएं और नवाचार के माध्यम से छत्तीसगढ़ के पर्यटन को बढ़ावा देने वाले प्रयासों को प्राथमिकता मिलेगी।

वहीं सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में राजस्व, बुकिंग, पर्यटकों की संख्या, सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण व्यवस्था और दिव्यांग पर्यटकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। स्थानीय उत्पादों, खान-पान और समुदाय को पर्यटन से जोड़ने वाले प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।

सोशल मीडिया के जरिए पर्यटन को बढ़ावा देने वालों को भी पुरस्कार

छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स के लिए भी पुरस्कार रखा गया है। फेसबुक, इंस्टाग्राम और यू-ट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर पर्यटन आधारित रील्स, वीडियो और अन्य सामग्री की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन को मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।

इसके जरिए छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थल, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन को डिजिटल माध्यम से प्रचारित करने वाले सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को प्रोत्साहित किया जाएगा।

इको-टूरिज्म और एडवेंचर पर्यटन पर भी जोर

सर्वश्रेष्ठ इको-टूरिज्म साइट अवॉर्ड के लिए पर्यावरण संरक्षण और सतत पर्यटन को प्राथमिकता दी जाएगी। नवीकरणीय ऊर्जा, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मानकों पर परियोजनाओं का मूल्यांकन होगा।

इसी तरह कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियों का संचालन करने वाले बेहतर संचालकों को एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा। पर्यटकों की सुरक्षा, नए एडवेंचर प्रोडक्ट, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटन से होने वाली आय को भी चयन का आधार बनाया जाएगा।

15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन

‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक 15 सितंबर 2026 तक अपनी प्रविष्टियां it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड से 94594-60947 पर संपर्क किया जा सकता है।

छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की यह पहल पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता, नवाचार, सतत पर्यटन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और साहसिक पर्यटन संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

Related Articles

Back to top button