Durg UCC News: समान नागरिक संहिता पर जनपरामर्श शुरू, विवाह से उत्तराधिकार तक मुद्दों पर संगठनों ने रखे सुझाव
छत्तीसगढ़ में UCC पर जनपरामर्श शुरू हो गया है। दुर्ग में हुई बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंधों पर विभिन्न संगठनों ने सुझाव दिए।

Durg UCC News दुर्ग। छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) के प्रारूप को व्यावहारिक, समावेशी और जनहितकारी बनाने के लिए जनपरामर्श की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी कड़ी में 8 सितंबर को दुर्ग में UCC प्रारूप समिति की उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, भरण-पोषण और लिव-इन संबंध जैसे संवेदनशील विषयों पर विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने अपने विचार और सुझाव रखे।
बैठक में सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राउत, वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार और सेवानिवृत्त प्राचार्या डॉ. ज्योति रानी सिंह मौजूद रहीं। सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने UCC के पक्ष और विपक्ष में अपनी राय रखी। चर्चा में पारंपरिक सामाजिक मान्यताओं के संरक्षण के साथ-साथ मौजूदा कानूनों में संभावित सुधारों से जुड़े पहलुओं पर भी विचार किया गया।
कई सामाजिक संगठनों ने रखी अपनी राय
जनपरामर्श में साहू समाज, मनवा कुर्मी समाज, कंवर समाज, चंद्रनाहू कुर्मी समाज, गोंडवाना सेवा समिति, आंध्र समाज, हलवा समाज, ताम्रकार समाज, यादव समाज, कंडरा आदिवासी समाज और मुस्लिम समाज युवा प्रभाग सहित कई संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। इसके अलावा सर्व आदिवासी समाज, गोंडवाना गोंड महासभा, बीएसपी एसटी कर्मचारी संघ, भारतीय बौद्ध महासभा और राम मंदिर ट्रस्ट बेमेतरा के प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव दिए।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण मंच, प्रज्ञा वरिष्ठ नागरिक संघ, पेंशनर्स संघ, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स और छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा से जुड़े प्रतिनिधियों ने भी चर्चा में भाग लिया। समिति ने कहा कि अलग-अलग सामाजिक वर्गों से प्राप्त सुझावों का अध्ययन करने के बाद UCC के प्रारूप को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।
UCC के प्रावधानों पर PPT के जरिए दी जानकारी
बैठक के दौरान अधिवक्ता प्रांजल शर्मा ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से समान नागरिक संहिता की अवधारणा, संभावित स्वरूप और इससे जुड़े प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। बैठक का उद्देश्य विभिन्न समुदायों और संगठनों की चिंताओं, सुझावों और अपेक्षाओं को समझना रहा।
समिति ने आम नागरिकों और संगठनों से भी UCC को लेकर सुझाव आमंत्रित किए हैं। इसके लिए ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी राय भेजने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
बैठक में UCC समिति के सदस्य सचिव एवं रायपुर संभाग आयुक्त श्याम धावड़े, दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह, एडीएम वीरेंद्र सिंह और एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता सहित दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले के प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।



