Education News: शिक्षक सम्मान समारोह में टंक राम वर्मा ने कहा- गुरु मार्गदर्शन से ही समाज और राष्ट्र को मिलती है सही दिशा
नेवरा में शिक्षक सम्मान समारोह में टंक राम वर्मा ने गुरुजनों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। राजस्व सुधार और ग्रामीण सुविधाओं की भी जानकारी दी।

Education News रायपुर। राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नेवरा स्थित पीएम श्री कन्या शाला में आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में शिक्षकों के योगदान को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति एवं महान दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में जीवन मूल्यों और संस्कारों का निर्माण भी करते हैं। चुनौतियों के दौर में समाज को सही दिशा देने में गुरुजनों की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है।
शिक्षकों का सम्मान हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा
टंक राम वर्मा ने कहा कि गुरुजनों का सम्मान भारतीय सामाजिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा रहा है। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक विवादों के समाधान से लेकर विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तक शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान तकनीकी दौर में व्यस्तता बढ़ने के बावजूद समाज के लिए समय निकालकर ग्रामीण व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
राजस्व सेवाओं में ऑनलाइन व्यवस्था पर जोर
मंत्री ने राजस्व विभाग में किए जा रहे सुधारों की जानकारी देते हुए बताया कि मैन्युअल से ऑनलाइन रिकॉर्ड में बदलाव के दौरान हुई त्रुटियों के शीघ्र निराकरण के लिए तहसीलदारों को अतिरिक्त अधिकार दिए गए हैं। वहीं द्वितीय अपील की सुनवाई का अधिकार कमिश्नर के स्थान पर जिला कलेक्टर को दिया गया है।
अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण के लिए 5 डिसमिल से कम भूमि की खरीद-बिक्री पर रोक, फर्जी रजिस्ट्री रोकने के लिए तहसील और पंजीयन कार्यालयों को ऑनलाइन जोड़ने तथा रजिस्ट्री के दौरान OTP की व्यवस्था जैसे कदम उठाए गए हैं। रजिस्ट्री के बाद ऑटोमैटिक नामांतरण की प्रक्रिया शुरू करने और किसान पुस्तिका ऑनलाइन डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है। भू-स्वामियों को अपने जीवनकाल में ही भूमि का बंटवारा करने की सुविधा देने की बात भी मंत्री ने कही।
बड़ी परियोजनाओं के क्षेत्रों में अधिसूचना जारी होने के बाद भूमि की खरीद-बिक्री पर नियंत्रण का प्रावधान भी किया गया है। इसका उद्देश्य भू-माफियाओं द्वारा अनुचित लाभ उठाने की संभावना को रोकना और वास्तविक भू-स्वामियों को पारदर्शी तरीके से मुआवजा सुनिश्चित करना है।
शिक्षा को रोजगार से जोड़ने पर सरकार का फोकस
उच्च शिक्षा को लेकर मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा को रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं के विस्तार के तहत 40 गांवों में प्रकाश व्यवस्था के लिए 2 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा 100 गांवों के तालाबों में पक्के चबूतरे, 40 गांवों में महतारी सदन और सरस्वती शिशु मंदिर जैसी संस्थाओं के लिए भवन निर्माण को स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि जनसेवा और समाज के विकास से जुड़े कार्यों में वरिष्ठ नागरिकों और गुरुजनों का मार्गदर्शन हमेशा महत्वपूर्ण रहेगा। उनके अनुभव और सुझाव समाज को बेहतर दिशा देने में सहायक होते हैं।



