छत्तीसगढ़

Dantewada Solar Energy News: शिक्षक कैलाश देवांगन के घर का बिजली बिल हुआ शून्य, 3 किलोवाट सोलर प्लांट से मिल रहा लाभ

दंतेवाड़ा के शिक्षक कैलाश देवांगन ने 3 किलोवाट सोलर प्लांट लगाकर बिजली बिल शून्य कर लिया। पीएम सूर्य घर योजना से बिजली खर्च में बड़ी बचत हो रही है।

Dantewada Solar Energy News रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में भी लोगों को मिल रहा है। बड़े तुमनार निवासी और मोफलनार माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक कैलाश कुमार देवांगन ने अपने घर की छत पर सोलर रूफटॉप प्लांट लगाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत की है। मार्च 2026 में 3 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित कराने के बाद उनके घर का बिजली बिल शून्य हो गया है।

गांव में सोलर प्लांट लगाने वाले पहले हितग्राही

कैलाश कुमार देवांगन अपने गांव में इस योजना का लाभ लेने वाले पहले हितग्राही बने। उन्होंने बताया कि सोलर प्लांट लगने से पहले उनके चार सदस्यीय परिवार की मासिक बिजली खपत करीब 200 यूनिट थी और हर महीने लगभग 1,000 से 1,200 रुपये का बिल आता था। सोलर सिस्टम शुरू होने के बाद बिजली बिल पूरी तरह खत्म हो गया।

सब्सिडी से आसान हुआ सोलर प्लांट लगाना

कैलाश देवांगन को मार्च में आयोजित शिक्षकों की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने योजना के तहत अपने घर पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित कराया। उनका कहना है कि सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के कारण आम परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना पहले की तुलना में आसान हुआ है।

उन्होंने अन्य लोगों से भी योजना का लाभ उठाने और घरों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की। योजना का उद्देश्य घरेलू स्तर पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा देकर बिजली खर्च कम करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ाना है।

बिजली बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण

कैलाश देवांगन के अनुसार सौर ऊर्जा केवल बिजली के खर्च को कम करने का माध्यम नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। बिजली की बढ़ती मांग और भविष्य में ऊर्जा जरूरतों को देखते हुए सौर ऊर्जा को टिकाऊ विकल्प के रूप में अपनाया जा सकता है।

जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की ओर से भी जिले के नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़कर स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button