Raipur Bus Checking News: 49 स्लीपर बसों पर 2.64 लाख का चालान, 160 यात्री वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई
रायपुर में परिवहन उड़नदस्ते ने 160 यात्री बसों पर कार्रवाई की। 49 स्लीपर बसों से 2.64 लाख और 111 अन्य वाहनों से 42,800 रुपये की शास्ति वसूली गई।

Raipur Bus Checking News रायपुर। यात्री बसों में नियम विरुद्ध सामान ढोने और निर्धारित नियमों के विपरीत बसों का संचालन किए जाने की शिकायतों के बाद परिवहन उड़नदस्ता रायपुर ने सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान 160 यात्री बसों पर कार्रवाई की गई और अलग-अलग मामलों में कुल 3,06,800 रुपये की शास्ति/चालान राशि वसूल की गई।
49 स्लीपर बसों पर 2.64 लाख का चालान
परिवहन विभाग के अनुसार अंतर्राज्यीय बस स्टैंड भाठागांव सहित विभिन्न मार्गों पर यात्री बसों की जांच की गई। इस दौरान बसों की छत पर सामान ले जाने वाले 49 स्लीपर बसों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे कुल 2,64,000 रुपये का चालान वसूला गया।
विभाग ने बताया कि बस की छत पर सामान ढोना नियमों के विरुद्ध है और इससे सड़क सुरक्षा को लेकर जोखिम बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
दस्तावेज और फिटनेस की भी जांच
परिवहन उड़नदस्ते ने बसों के दस्तावेज, फिटनेस और परमिट की वैधता की भी जांच की। इसके अलावा यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने, किराया सूची प्रदर्शित नहीं करने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की भी जांच की गई।
111 वाहनों से 42,800 रुपये की शास्ति वसूली
जांच के दौरान निर्धारित किराए से अधिक वसूली, किराया सूची नहीं लगाने और अन्य नियमों के उल्लंघन से जुड़े मामलों में 111 वाहनों से 42,800 रुपये की शास्ति वसूल की गई।
इस तरह अभियान में कुल 160 यात्री बसों पर कार्रवाई करते हुए 3 लाख 6 हजार 800 रुपये की राशि वसूल की गई। परिवहन विभाग ने नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित तरीके से यात्री बसों का संचालन करने पर जोर दिया है।



