छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Kharif Farming News: प्रदेश में 99% बोनी पूरी, किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित

छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की 99 प्रतिशत बोनी पूरी हो गई है। किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया गया।

Chhattisgarh Kharif Farming News रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ फसलों की बोनी का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। 22 सितंबर की स्थिति में प्रदेश के 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का करीब 99 प्रतिशत है। इस खरीफ सीजन में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य रखा गया है।

खाद-बीज की उपलब्धता पर लगातार निगरानी

किसानों को खेती-किसानी के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए खाद और प्रमाणित बीज की व्यवस्था पर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को किसानों की मांग के अनुसार खाद-बीज उपलब्ध कराने और सोसायटियों में पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण

कृषि विभाग के अनुसार प्रदेश में अब तक किसानों को 13.14 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है। खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 17.64 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। वितरित मात्रा निर्धारित लक्ष्य का करीब 74 प्रतिशत है।

वहीं, खरीफ सीजन 2026 के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है, जबकि अब तक 4.58 लाख क्विंटल बीज किसानों को वितरित हो चुका है।

धान सहित कई फसलों की बोनी पूरी

प्रदेश में अब तक 48.44 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न खरीफ फसलों की बोनी हो चुकी है। निर्धारित 48.69 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य की तुलना में यह करीब 99 प्रतिशत है।

अब तक 1008.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज

अधिकारियों के मुताबिक 22 सितंबर की सुबह तक प्रदेश में 1008.1 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। राज्य की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। पिछले 10 वर्षों की इसी अवधि की औसत वर्षा 1061.6 मिलीमीटर की तुलना में इस वर्ष अब तक 53.5 मिलीमीटर कम बारिश दर्ज हुई है।

वहीं, पिछले वर्ष इसी अवधि तक प्रदेश में 881.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।

किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण

किसानों को खेती के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी वितरित किया जा रहा है। 21 सितंबर 2026 तक किसानों को 8125.51 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया जा चुका है।

पिछले वर्ष इसी अवधि में 6740.75 करोड़ रुपये का ऋण वितरण हुआ था। खरीफ सीजन 2026 के लिए किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Related Articles

Back to top button