Deendayal Upadhyaya Jayanti: मुख्यमंत्री साय ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को किया नमन, अंत्योदय के संकल्प पर दिया जोर
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें नमन किया। उन्होंने अंत्योदय और समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के संकल्प पर जोर दिया।

Deendayal Upadhyaya Jayanti रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रसेवा, जनकल्याण और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान से जुड़े विचारों को स्मरण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद के माध्यम से राष्ट्र के समग्र विकास की ऐसी दृष्टि प्रस्तुत की, जिसके केंद्र में समाज का अंतिम व्यक्ति रहा। उनके अनुसार विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। अंत्योदय का सिद्धांत गरीबों, वंचितों और जरूरतमंदों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती को अंत्योदय दिवस के रूप में मनाया जाना समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के संकल्प को दर्शाता है। एकात्म मानववाद और अंत्योदय का उनका दर्शन जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के संदर्भ में महत्वपूर्ण विचारधारा के रूप में देखा जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांतों को ध्यान में रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनके विचार, आदर्श और राष्ट्रसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी



