छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Monsoon Update: प्रदेश में सामान्य से 100.1% बारिश, बस्तर-नारायणपुर समेत कई जिलों में जमकर बरसे बादल

छत्तीसगढ़ में 25 सितंबर तक 100.1% सामान्य वर्षा दर्ज हुई है। बलरामपुर, नारायणपुर और बस्तर समेत कई जिलों में जमकर बारिश हुई है।

Chhattisgarh Monsoon Update रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून ने राज्य स्तर पर सामान्य वर्षा का आंकड़ा पूरा कर लिया है। 25 सितंबर 2026 तक प्रदेश में 100.1% सामान्य बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 25 सितंबर के बीच राज्य में औसतन 1082.4 मिमी वर्षा हुई, जबकि इस अवधि की सामान्य औसत बारिश 1081.5 मिमी मानी गई है। पिछले 24 घंटों में भी प्रदेश में औसतन 52.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

जिलावार आंकड़ों में बलरामपुर 169.4% बारिश के साथ प्रतिशत के लिहाज से सबसे आगे है। जिले में अब तक 1527.7 मिमी वर्षा दर्ज हुई है। वहीं कुल बारिश की मात्रा में नारायणपुर सबसे आगे है, जहां 1600.4 मिमी पानी बरसा है। पिछले 24 घंटों में बस्तर में 188.2 मिमी, कोंडागांव में 161.8 मिमी, नारायणपुर में 151.9 मिमी और गरियाबंद में 110.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मध्य छत्तीसगढ़ में भी कई जिलों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। रायपुर में 1180.2 मिमी (129.5%), गरियाबंद में 1357.7 मिमी (126.5%), धमतरी में 1201.7 मिमी (113.4%), महासमुंद में 1204.2 मिमी (121.7%) और बालोद में 1192.1 मिमी (115%) बारिश दर्ज की गई है। मुंगेली, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और सूरजपुर में भी बारिश सामान्य से अधिक रही है।

हालांकि कुछ जिलों में बारिश अभी भी सामान्य से कम है। सरगुजा में 75.5%, जशपुर में 79.7%, कबीरधाम में 82.2%, बेमेतरा में 74.5% और कांकेर में 75.9% बारिश दर्ज हुई है। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और बीजापुर भी सामान्य से कम वर्षा वाले जिलों में शामिल हैं।

बारिश के मौजूदा हालात को देखते हुए राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा नदियों के जलस्तर तथा वर्षा के आंकड़ों की लगातार निगरानी की जा रही है। हाल में भारी बारिश वाले जिलों के निचले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button