Bastar Rain Alert: भारी बारिश और जलभराव पर मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के कलेक्टरों से लिया अपडेट, राहत-बचाव तेज करने के निर्देश
बस्तर संभाग में भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए मंत्री केदार कश्यप ने सभी कलेक्टरों से स्थिति की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

Bastar Rain Alert जगदलपुर/रायपुर, 25 सितंबर 2026। बस्तर संभाग में लगातार हो रही भारी बारिश और कई इलाकों में जलभराव एवं बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए मंत्री केदार कश्यप ने संभाग के सभी जिलों के कलेक्टरों से फोन पर चर्चा की। उन्होंने बारिश से प्रभावित क्षेत्रों, नदी-नालों के जलस्तर, आवागमन और राहत-बचाव कार्यों की जानकारी लेकर प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ काम करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि बारिश प्रभावित क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जहां जलभराव या बाढ़ की स्थिति बन रही है, वहां तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए जाएं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयों और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने संवेदनशील और निचले इलाकों के साथ नदी-नालों के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने को कहा। जिन पुल-पुलियों, रपटों या मार्गों पर पानी बह रहा है, वहां लोगों को जोखिम लेकर आवागमन से रोका जाए। जरूरत के अनुसार पुलिस और प्रशासन की टीम तैनात कर बैरिकेडिंग समेत सुरक्षा के अन्य उपाय किए जाएं।
राहत शिविरों में भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
मंत्री ने ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों तक समय पर सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए। संपर्क मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्थाएं तैयार रखने और राहत दलों को आवश्यक संसाधनों के साथ अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया। जिन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है, उनके लिए राहत शिविरों में भोजन, पेयजल, दवाइयां और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
जनहानि रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता
केदार कश्यप ने कहा कि भारी बारिश के दौरान जनहानि रोकना और प्रभावित लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जिला स्तर पर स्थिति की लगातार समीक्षा करने और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।
नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मंत्री ने नागरिकों से तेज बहाव वाले नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले रास्तों को पार नहीं करने की अपील की। उन्होंने लोगों से अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है।



