Ganpati Visarjan 2026: महादेवघाट के विसर्जन कुंड में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, 1705 गणपति मूर्तियों का हुआ विसर्जन
अनंत चतुर्दशी पर रायपुर के महादेवघाट विसर्जन कुंड में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। दोपहर 2 बजे तक 1494 छोटी और 211 बड़ी गणपति मूर्तियों का विसर्जन हुआ।

Ganpati Visarjan रायपुर, 25 सितंबर 2026। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर रायपुर के महादेवघाट के समीप नगर निगम द्वारा बनाए गए विसर्जन कुंड में गणपति मूर्तियों के विसर्जन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बारिश के बीच भी भक्तों में गणपति बप्पा की विदाई को लेकर उत्साह और श्रद्धा देखने को मिल रही है।
दोपहर 2 बजे तक विसर्जन कुंड में 1494 छोटी और 211 बड़ी गणपति मूर्तियों, यानी कुल 1705 मूर्तियों का श्रद्धापूर्वक विसर्जन किया जा चुका था। श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।
रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी भी सपरिवार अपने घर के गणपति की मूर्ति लेकर विसर्जन कुंड पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद गणपति की प्रतिमा का विसर्जन किया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं देते हुए गणेश भगवान से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और शांति की कामना की।
विधायक ने नगर निगम जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा से विसर्जन कुंड में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया और सभी नागरिकों से अपील की कि गणपति मूर्तियों का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करें।



