Mann Ki Baat: ‘मन की बात’ देशवासियों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ने वाला जनसंवाद : केदार कश्यप
कुंगारपाल में बूथ कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मंत्री केदार कश्यप ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

Mann Ki Baat जगदलपुर, 27 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का रविवार को भानपुरी मंडल के बूथ क्रमांक 211, कुंगारपाल में सामूहिक श्रवण किया गया। नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने बूथ कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम सुना।
कार्यक्रम के बाद केदार कश्यप ने कहा कि ‘मन की बात’ के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के नागरिकों, युवाओं, किसानों, महिलाओं, खिलाड़ियों और समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों से संवाद करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय सुरक्षा, नागरिक कर्तव्य, युवा शक्ति, स्वच्छता और जनभागीदारी जैसे विषयों पर दिए गए संदेश लोगों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।
राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिक कर्तव्य पर जोर
केदार कश्यप ने राष्ट्रीय सुरक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों के साहस और बलिदान का सम्मान प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक के दस वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और देशहित के प्रति दृढ़ संकल्प को हमेशा प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने नागरिक कर्तव्यों और जनभागीदारी को भी विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
बस्तर के युवाओं और पर्यावरण संरक्षण पर भी चर्चा
मंत्री ने कहा कि बस्तर के युवाओं में शिक्षा, खेल, तकनीक, स्वरोजगार और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि बस्तर की प्रकृति और वन संपदा यहां की महत्वपूर्ण पहचान हैं। जनजातीय समाज की जीवनशैली में प्रकृति संरक्षण की परंपरा रही है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यकर्ताओं से गांव-गांव तक संदेश पहुंचाने की अपील
केदार कश्यप ने कार्यकर्ताओं से कहा कि ‘मन की बात’ में दिए गए संदेशों को केवल सुनने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि सेवा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता जैसे कार्यों के माध्यम से उन्हें धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ता लोगों की समस्याओं को समझते हुए जनसेवा और सामाजिक सरोकारों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कुंगारपाल में आयोजित सामूहिक श्रवण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बूथ कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। कार्यक्रम के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से जुड़े संदेशों को स्थानीय स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।



