Road Accident: खड़े ट्रक से भिड़ी बाइक, पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौत; 8 साल का बच्चा गंभीर
बालोद के अरमरीकला में खड़े ट्रक से बाइक टकराने पर पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। 8 वर्षीय बच्चा गंभीर घायल है और अस्पताल में इलाज जारी है।

Road Accident बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और उसके 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सनौद थाना क्षेत्र के अरमरीकला गांव में पेट्रोल पंप के पास हुआ। घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पारिवारिक कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, डागेश्वर साहू (34) अपने दोनों बेटों वेद प्रकाश (12) और अनुराग (8) के साथ पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने अपने मामा के घर मोहारा गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद तीनों मोटरसाइकिल से अपने गांव गजराबांधा लौट रहे थे।
इसी दौरान अरमरीकला गांव के पेट्रोल पंप के पास उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़े ट्रक क्रमांक CG 08 AU 7510 के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार डागेश्वर साहू और उनके बड़े बेटे वेद प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायल बच्चे को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे की सूचना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।



