छत्तीसगढ़

Chhattisgarh PM Awas Yojana: छत्तीसगढ़ के शहरी गरीबों के पक्के आवास अभियान को राष्ट्रीय पहचान

विष्णु देव साय के सुशासन और उप मुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में पीएम आवास योजना (शहरी) के क्रियान्वयन को मिली पहचान

Chhattisgarh PM Awas Yojana: रायपुर, 4 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के क्रियान्वयन को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। राज्य को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) पुरस्कार-2026 समारोह में सम्मान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह समारोह 5 अक्टूबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। योजना का उद्देश्य पात्र शहरी परिवारों को पक्के आवास के साथ बेहतर बुनियादी सुविधाओं से जोड़ना है।

भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव, विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी-सह-राज्य मिशन संचालक, पीएमएवाई (शहरी) सुमित अग्रवाल शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शहरी विकास योजनाओं को जनकल्याण से जोड़ते हुए पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पहुंचाने पर जोर दिया है। राज्य सरकार की ओर से शहरी गरीब परिवारों के आवास निर्माण को गति देने, लंबित आवासों को पूरा कराने और हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा नगरीय निकायों के साथ समन्वय कर योजना के जमीनी क्रियान्वयन पर ध्यान दिया जा रहा है। आवास स्वीकृति से लेकर निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता, हितग्राही-केंद्रित प्रक्रिया और समयबद्ध पूर्णता तक विभिन्न स्तरों पर निगरानी की जा रही है। केंद्र सरकार के अनुसार PMAY-U के तहत देशभर में 2026 तक 1.25 करोड़ से अधिक मकान स्वीकृत किए जा चुके हैं और एक करोड़ से अधिक मकान पूरे होकर लाभार्थियों को सौंपे जा चुके हैं।

पक्का आवास सिर्फ मकान नहीं, सुरक्षा और बेहतर जीवन का आधार

प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पक्का घर मिलने से शहरी गरीब परिवारों को सुरक्षित आवास के साथ सामाजिक गरिमा और बेहतर जीवन-परिस्थितियां उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाता है। आवास की सुविधा से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार के भविष्य के लिए भी बेहतर वातावरण तैयार होता है।

छत्तीसगढ़ में योजना के क्रियान्वयन में नगरीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, तकनीकी अमले और हितग्राहियों की भागीदारी रही है। राज्य को पुरस्कार समारोह में आमंत्रित किया जाना इसी सामूहिक प्रयास को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर है।

Related Articles

Back to top button