छत्तीसगढ़

Bilaspur Sports News: बहतराई में राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आगाज, 571 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

बिलासपुर के बहतराई में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता शुरू हुई। पांच संभागों के 571 खिलाड़ी 10 अक्टूबर तक तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी में हिस्सा लेंगे।

Bilaspur Sports News, 7 अक्टूबर 2026। बिलासपुर के स्वर्गीय बी.आर. यादव राज्य प्रशिक्षण केंद्र बहतराई में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने प्रदेश के पांचों संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली और गुब्बारे छोड़कर प्रतियोगिता की शुरुआत की।

प्रतियोगिता में बस्तर, बिलासपुर, रायपुर, सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुल 571 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 10 अक्टूबर 2026 तक किया जाएगा। इसमें 14 वर्ष, 17 वर्ष और 19 वर्ष आयु वर्ग की तीरंदाजी, 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी तथा 19 वर्ष बालक वर्ग की कबड्डी के मुकाबले होंगे। सभी प्रतियोगिताएं बहतराई के एस्ट्रोटर्फ, इंडोर स्टेडियम और तीरंदाजी मैदान में आयोजित की जा रही हैं।

बहतराई ने देश को दिए कई प्रतिभावान खिलाड़ी: अरुण साव

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बहतराई की खेल भूमि ने देश और प्रदेश को कई प्रतिभावान खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने बताया कि इसी मैदान पर खेलकर संजू देवी ने एशियन गेम्स की कबड्डी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं मधु सिदार और गीता यादव ने अंडर-19 महिला हॉकी में देश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश ‘जो खेलेगा वही खिलेगा’ का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

खेल में हार नहीं, जीत या सीख मिलती है: सुशांत शुक्ला

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि खेल के मैदान में कोई हारता नहीं है, बल्कि खिलाड़ी या तो जीतता है या फिर सीखता है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है।

विधायक ने बहतराई खेल परिसर को मध्य भारत के उत्कृष्ट खेल संस्थानों में विकसित करने के लिए इसके उन्नयन पर जोर दिया।

कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल, दीपक सिंह, मोहित जायसवाल और जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पाण्डेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने जीता दिल

शुभारंभ समारोह में पीएमश्री कन्या विद्यालय सरकंडा की छात्राओं ने भारत माता की वंदना सहित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। तपती धूप के बीच छात्राओं की शानदार प्रस्तुति की अतिथियों ने सराहना की।

विधायक सुशांत शुक्ला ने छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए 11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।

Related Articles

Back to top button