
Road Infrastructure Update रायपुर, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क और पुल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 243 करोड़ 81 लाख 11 हजार रुपये के 18 निर्माण कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें 12 पुल और 6 सड़क निर्माण एवं उन्नयन कार्य शामिल हैं। अब चयनित निर्माण एजेंसियों को जल्द कार्यादेश जारी कर काम शुरू कराने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। इन परियोजनाओं का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में भी आवागमन को आसान बनाना तथा विभिन्न क्षेत्रों के बीच बारहमासी संपर्क मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़कें और पुल केवल आवागमन के साधन नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और सामाजिक बदलाव के महत्वपूर्ण आधार हैं। इन निर्माण कार्यों के पूरा होने से व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक लोगों की पहुंच आसान होगी। विशेष रूप से ग्रामीण, वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी से विकास गतिविधियों को गति मिलेगी। बरसात के बाद शुरू हुए निर्माण सीजन में विभाग कार्यों की निविदाओं को तेजी से मंजूरी दे रहा है। इससे पहले पिछले महीने सड़कों और पुलों के 24 कार्यों के लिए 672 करोड़ रुपये से अधिक की निविदाओं को स्वीकृति दी गई थी।
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों को जल्द शुरू कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित कार्यपालन अभियंताओं को चयनित निर्माण एजेंसियों को शीघ्र कार्यादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता का पालन अनिवार्य होगा। लोक निर्माण विभाग की निविदा समिति ने 12 अक्टूबर को आयोजित बैठक में इन 18 कार्यों की निविदाओं को मंजूरी दी। विभाग ने अनुबंध की शर्तों और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप काम कराने, नियमित निगरानी रखने तथा स्वीकृत कार्यों को दूसरी एजेंसी को सबलेट नहीं करने के निर्देश भी दिए हैं। कार्यों के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी मान्य नहीं होगी और निर्माण प्रशासकीय स्वीकृति एवं उपलब्ध बजट के दायरे में कराया जाएगा।
स्वीकृत सड़क कार्यों में जांजगीर-चांपा जिले के देवरी-तनौद-भुईगांव-शुक्लाभाठा-ससहा मार्ग के 17.40 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 31 करोड़ 7 लाख 83 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। सूरजपुर जिले में 16.85 किलोमीटर रिंग रोड के सुदृढ़ीकरण के लिए 16 करोड़ 8 लाख 59 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है। रायपुर जिले में समोदा-बनरसी-तुलसी मार्ग के 8.20 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 14 करोड़ 40 लाख 32 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। बेमेतरा जिले में 9.20 किलोमीटर लंबे बहिंगा-तिवरैया-सिमगा पहुंच मार्ग के निर्माण के लिए 10 करोड़ 77 लाख 97 हजार रुपये तथा मदराली-कटई-बेलटुकरी मुख्य जिला मार्ग के 10.80 किलोमीटर हिस्से के निर्माण के लिए 11 करोड़ 38 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है। इन कार्यों में आवश्यक पुल-पुलियों का निर्माण भी शामिल है।
राजधानी रायपुर में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। वीआईपी रोड के फुण्डहर चौक पर 29 करोड़ 80 लाख 12 हजार रुपये की लागत से ओवरपास बनाया जाएगा। वहीं, रिंग रोड नंबर-1 यानी एनएच-30 पर रायपुरा चौक फ्लाईओवर के दोनों ओर 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड के चौड़ीकरण के लिए 14 करोड़ 96 लाख 96 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत की गई है। इन कार्यों से प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव कम करने और आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
बस्तर संभाग और अन्य जिलों में नदी-नालों पर उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए भी निविदाएं मंजूर की गई हैं। बीजापुर जिले में कुटरू-गुटमांगी मार्ग पर इन्द्रावती नदी में पुल एवं पहुंच मार्ग बनाने के लिए 36 करोड़ 5 लाख 75 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बस्तर जिले में चंदेला-धर्माबेड़ा से अमलीधारा मार्ग पर भंवरडीह नदी के पुल के लिए 12 करोड़ 74 लाख 95 हजार रुपये और बारसूर-लोहंडीगुड़ा-जगदलपुर मार्ग पर मांढेर नाला के पुल के लिए 10 करोड़ 98 लाख 39 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है। डीएमएफ मद से छिन्दनार-कौरगांव मार्ग पर हान्दावाड़ा नदी में पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 5 करोड़ 73 लाख 1 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राजनांदगांव जिले में महाराजपुर-बरटोला मार्ग पर सूखा नाला में पुल निर्माण के लिए 7 करोड़ 79 लाख 60 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं। कोंडागांव जिले के माकड़ी-हीरापुर मार्ग पर कलीबेड़ा नाला में पुल के लिए 7 करोड़ 35 लाख 45 हजार रुपये तथा परेदा-कोंगुड मार्ग पर परौदा नदी में पुल के लिए 8 करोड़ 84 लाख 65 हजार रुपये की निविदा स्वीकृत हुई है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के खैरागढ़-अकरजन मार्ग पर मोती नाला में पुल निर्माण के लिए 6 करोड़ 77 लाख 12 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।
कांकेर जिले में राजनांदगांव-बैलाडीला मार्ग पर निब्रा (मेढकी) नदी में पुल एवं पहुंच मार्ग के लिए 5 करोड़ 96 लाख 55 हजार रुपये और भानुप्रतापपुर-पखांजूर मार्ग पर पासंगी नाला में पुल के लिए 5 करोड़ 50 लाख 30 हजार रुपये की निविदा मंजूर हुई है। सरगुजा जिले के दाहीडांड-सोनवरसा मार्ग पर मछली नदी में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग बनाने के लिए 7 करोड़ 93 लाख 17 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन पुलों से नदी-नालों के कारण प्रभावित होने वाले आवागमन को बेहतर बनाने और ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों का संपर्क मजबूत करने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सड़क और पुल जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। नई कनेक्टिविटी से किसानों को कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने के अवसर बढ़ेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण, आदिवासी और दूरस्थ अंचलों में भी मजबूत सड़क नेटवर्क विकसित करना है।



