Road Accidents: कोरबा में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत, हाइवा-ट्रेलर की भिड़ंत में ड्राइवर की गई जान तो अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला
दर्री मुख्य मार्ग पर हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर में ड्राइवर की केबिन में फंसकर मौत हो गई। वहीं बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने एक बाइक सवार निजी कंपनीकर्मी को अपनी चपेट में ले लिया।

Road Accidents: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सड़क हादसों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को जिले में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। पहली घटना में तेज रफ्तार हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें एक वाहन के ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना में एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
हाइवा और ट्रेलर की भीषण टक्कर में ड्राइवर की मौत
पहली दुर्घटना दर्री थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दर्री मुख्य मार्ग पर हुई। यहां एक हाइवा और ट्रेलर के बीच इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि टक्कर के बाद वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि एक वाहन का चालक बुरी तरह से केबिन के अंदर ही फंस गया। गंभीर चोटे आने और समय पर मदद न मिलने के कारण ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दर्री पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला
दूसरी दुर्घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बलगी शराब दुकान के पास हुई। यहां एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क से गुजर रहे बाइक सवार को जोरदार ठोकर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। इस भीषण हादसे में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव प्रसाद (28 वर्ष, पिता रामस्वरूप) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दीपका का रहने वाला था और एक निजी कंपनी में कार्यरत था। मृतक शिव प्रसाद शादीशुदा था और उसका एक 6 साल का मासूम बच्चा भी है। इस अचानक हुई दुर्घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।



