Railway Travel Insurance: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब महज 45 पैसे में मिलेगा 10 लाख तक का रेल बीमा; पीआरएस काउंटरों पर भी मिलेगी सुविधा
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी नई व्यवस्था। ऑनलाइन के बाद अब काउंटर से टिकट बुक कराने वाले यात्री भी उठा सकेंगे लाभ।

Railway Travel Insurance: ट्रेन का आरक्षित टिकट रेलवे काउंटर से बुक कराने वाले यात्रियों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। अब काउंटर से टिकट लेने वाले यात्रियों को भी वैकल्पिक यात्रा बीमा (Travel Insurance) लेने का विकल्प मिलेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) में यह सुविधा 27 अक्टूबर 2026 से शुरू की जा रही है।
काउंटर टिकट पर भी मिलेगा बीमा का विकल्प
अभी तक यह सुविधा केवल ऑनलाइन ई-टिकट बुकिंग के दौरान ही मिलती थी, लेकिन अब यात्री आरक्षण प्रणाली (PRS) काउंटरों से टिकट लेने वाले यात्री भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे। इस नई व्यवस्था के तहत यात्री टिकट बुक कराते समय अपनी सहमति से वैकल्पिक यात्रा बीमा योजना (OTIS) चुन सकेंगे।
इसके लिए रेलवे के आरक्षण काउंटरों पर तकनीकी बदलाव किए जा रहे हैं। सेंटर फॉर रेलवे इन्फॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS), IRCTC के साथ मिलकर सिस्टम को अपडेट करने और जरूरी तकनीकी एकीकरण का काम कर रहा है। यह सुविधा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में शुरू की जा रही है, जिससे अब काउंटर के जरिए यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों को भी सुरक्षा कवच मिल सकेगा।



