Road Accident: अंबिकापुर में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, दर्दनाक हादसे में दो दोस्तों की मौत; मृतक की पत्नी घायल
प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम करसी के पास हुआ हादसा। बाइक सवारों ने नहीं पहना था हेलमेट, मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दूसरे युवक ने तोड़ा दम।

Road Accident: सरगुजा संभाग में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंबिकापुर के प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम करसी के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक पर सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी मृतक की पत्नी भी घायल हुई है।
दशहरा और अन्य कामों से गए थे प्रतापपुर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुर निवासी शिवकुमार गोंड (35) अपने गांव के दोस्त मनीष यादव और अपनी पत्नी राजकुमारी के साथ किसी काम से प्रतापपुर गए थे। वापसी के दौरान ग्राम करसी के पास तेज गति से आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर में गंभीर चोट लगने से दोनों की जान चली गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।


