छत्तीसगढ़

Bastar Water Supply Scheme: मारकंडी नदी से बस्तर को मिलेगा शुद्ध पेयजल, अमृत मिशन 2.0 के तहत 57.71 करोड़ मंजूर; उप मुख्यमंत्री अरुण साव की बड़ी सौगात

प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पेयजल की उपलब्धता 65 से बढ़कर होगी 135 लीटर। जून-2028 तक पूरी होगी योजना, 73 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और जल शोधन संयंत्र का होगा निर्माण।

Bastar Water Supply Scheme: छत्तीसगढ़ शासन ने बस्तर नगर पंचायत के नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक नई जलप्रदाय योजना को मंजूरी दे दी है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) ने अमृत मिशन 2.0 के अंतर्गत बस्तर जलप्रदाय योजना के लिए 57 करोड़ 71 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के पूर्ण होने से शहर में प्रति व्यक्ति प्रतिदिन पेयजल की उपलब्धता मौजूदा 65 लीटर से बढ़कर 135 लीटर हो जाएगी।

मारकंडी नदी के चपका एनीकट से होगी पानी की आपूर्ति

इस योजना के तहत मारकंडी नदी के चपका एनीकट में इंटेकवेल का निर्माण किया जाएगा, जहाँ से पाइपलाइन के जरिए पानी जल शोधन संयंत्र तक पहुँचाया जाएगा।

प्रमुख बिंदु: योजना के अंतर्गत 3 एमएलडी क्षमता का जल शोधन संयंत्र और 500 किलोलीटर क्षमता का उच्च स्तरीय जलागार बनाया जाएगा।

वितरण नेटवर्क: शहर में लगभग 73 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और 2700 से अधिक नए घरेलू नल कनेक्शन प्रदान किए जाएंगे।

समय-सीमा: इस पूरी परियोजना को उच्च तकनीकी मानकों के साथ जून-2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें पांच वर्षों तक का संचालन और संधारण भी शामिल है।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार का संकल्प हर परिवार को बुनियादी सुविधाएं सुलभ कराना है और इस योजना से बस्तर की पेयजल व्यवस्था का पूरी तरह कायाकल्प होगा। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना तय समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button