Chhattisgarh Hockey League: न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराया, चक्रधर चैंपियंस सेमीफाइनल के और करीब पहुंचे
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लगातार दूसरे दिन मैच पहुंचकर खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला। चिराग बने 'प्लेयर ऑफ द मैच', स्टार परफॉर्मर्स को मिले पुरस्कार।

Chhattisgarh Hockey League: छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के रोमांचक मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स ने संस्कारधानी स्ट्राइकर्स को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी शानदार जीत दर्ज की है। पहले क्वार्टर में खराब शुरुआत के बावजूद सुरेंद्र सिंह की टीम ने शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम किया। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए चिराग को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और आशीष को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ चुना गया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की शिरकत
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में लगातार दूसरे दिन मैच देखने और खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के लिए पहुंचे उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में स्टार परफॉर्मर्स को पुरस्कृत किया।
दिन के एक अन्य मुकाबले में चक्रधर चैंपियंस ने राजधानी रॉयल्स को 4-3 से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। चक्रधर चैंपियंस के लिए परमप्रीत सिंह ने दो गोल दागे। रविवार को शाम 5.30 बजे ‘न्यायधानी नाइट्स’ का मुकाबला ‘बैलाडीला बुल्स’ से होगा, जबकि शाम 7.30 बजे ‘राजधानी रॉयल्स’ का सामना ‘मैनपाट टाइटन्स’ से होगा।


