छत्तीसगढ़

Jal Jeevan Mission CG: अब पानी के लिए नहीं लगानी पड़ती कतार, नल-जल योजना ने बदल दी गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही के बारीउमराव गांव की तस्वीर

घंटों पानी ढोने की मशक्कत से मिली राहत, हर घर नल कनेक्शन पहुंचने से महिलाओं और बुजुर्गों के चेहरे पर लौटी खुशी।

Jal Jeevan Mission CG: गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (GPM) जिले के पेंड्रा विकासखंड स्थित बारीउमराव गांव की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। कभी जिस गांव के लोगों को सुबह की शुरुआत पानी की भारी किल्लत और लंबी कतारों के साथ करनी पड़ती थी, केंद्र और राज्य सरकार की ‘जल जीवन मिशन’ योजना ने उनके जीवन की इस बड़ी चुनौती को पूरी तरह आसान बना दिया है।

हैंडपंप के चक्कर और लंबी कतारों से मिला छुटकारा

ग्रामीणों के लिए पहले रोजाना सुबह बर्तन लेकर हैंडपंप तक पहुँचना, अपनी बारी के लिए घंटों इंतजार करना और फिर सिर या कमर पर पानी ढोकर घर लाना एक मजबूरी बन चुका था। खासकर गर्मियों के दिनों में जब हैंडपंप हांफने लगते थे या खराब हो जाते थे, तो एक-एक बाल्टी पानी के लिए कोहराम मच जाता था। लेकिन अब इस योजना के तहत गांव के हर घर में नल कनेक्शन लग चुका है, जिससे ग्रामीणों की रोजमर्रा की दिनचर्या बेहद सुगम हो गई है।

बचा हुआ समय अन्य कामों में लगा रहे ग्रामीण

गांव के रहने वाले श्री करमदास पुराने दिनों को याद करते हुए बताते हैं कि पहले पानी की व्यवस्था करने में ही पूरा दिन निकल जाता था। लेकिन घर पर ही नियमित रूप से साफ पानी मिलने से अब न तो दूर जाना पड़ता है और न ही लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है। सबसे बड़ा फायदा यह हुआ है कि महिलाओं और बुजुर्गों की शारीरिक मशक्कत कम हो गई है तथा बचा हुआ कीमती समय वे अन्य जरूरी कामों में लगा पा रहे हैं। ‘जल जीवन मिशन’ ने ग्रामीण अंचल के परिवारों को इस बुनियादी समस्या से मुक्ति दिलाकर एक नया संबल दिया है।

Related Articles

Back to top button