Vishnu Deo Sai Targets Congress : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कांग्रेस पर बड़ा हमला, कहा- ‘लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की दोहरी राजनीति से’
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा से पहले सीएम साय का तीखा बयान। महादेव ऐप और सौरभ चंद्राकर के मामले में सीबीआई पूछताछ पर कही बड़ी बात।

Vishnu Deo Sai Targets Congress रायपुर, 4 नवंबर 2026।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र को सबसे बड़ा खतरा उन लोगों से है, जिन्होंने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए बार-बार लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक व्यवस्थाओं को कमजोर किया है। जशपुर में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होने से पहले पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा, आज वही पार्टी लोकतंत्र बचाने की बात कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं के दमन का रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब चुनाव परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आते हैं, तब उन्हें ईवीएम और निर्वाचन आयोग पर पूरा भरोसा होता है, लेकिन हार मिलने पर वे इन्हीं संस्थाओं पर सवाल उठाने लगते हैं। जनता को इसी दोहरी राजनीति से अवगत कराने के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली जा रही है।
महादेव सट्टा ऐप और सीबीआई पूछताछ पर बयान
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सीएम साय ने कहा कि मुख्य अभियुक्त सौरभ चंद्राकर को विदेश से भारत लाया गया है और अब सीबीआई की पूछताछ में इस अवैध सिंडिकेट से जुड़े कई बड़े खुलासे और चेहरे बेनकाब हो सकते हैं। वहीं, अमित जोगी द्वारा सौरभ चंद्राकर को कथित तौर पर ‘हीरो’ बताने वाले बयान पर तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे बयान देने वालों की मानसिकता और सोच को प्रदेश की जनता भली-भांति समझती है।



