छत्तीसगढ़

Anti-Naxal Operation in Chhattisgarh: गरियाबंद में जमीन के नीचे छिपा रखा था मौत का सामान, नक्सली डंप से टिफिन IED और विस्फोटक बरामद, CRPF ने किया डिफ्यूज

मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सीआरपीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 2.5 किलो की टिफिन आईईडी और यूबीजीएल राउंड समेत कई विस्फोटक बरामद किए हैं।

Anti-Naxal Operation in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। मैनपुर थाना क्षेत्र के घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का एक बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इस नक्सल डंप से टिफिन आईईडी, यूबीजीएल राउंड और अन्य खतरनाक विस्फोटक सामग्रियां मिली हैं, जिन्हें सुरक्षा बलों ने सूझबूझ दिखाते हुए मौके पर ही नष्ट कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों के तहत लगातार जंगलों में माओवादियों के डंप और छिपे हुए हथियारों की तलाश की जा रही है। इसी कड़ी में मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट, कठवा और गोवरमुंडा के जंगलों में एक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की टीमें शामिल थीं। अभियान के दौरान गोवरमुंडा में एक पुलिया के पास कुछ संदिग्ध गतिविधियां और सामग्री नजर आने पर सुरक्षा बलों ने तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर ली।

बीडीएस टीम ने सूझबूझ से किया डिफ्यूज

संदिग्ध स्थिति को देखते हुए सीआरपीएफ के बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (BDS) को मौके पर बुलाया गया। बीडीएस की टीम ने जब जमीन की तलाशी ली, तो वहां भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री दबी हुई मिली। इनमें 2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन आईईडी (Tiffin IED), चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां और दैनिक उपयोग का अन्य सामान शामिल था। संभावित खतरे और सुरक्षा के मानक नियमों (SOP) को ध्यान में रखते हुए बीडीएस टीम ने टिफिन आईईडी और चारों यूबीजीएल राउंड को सुरक्षित तरीके से घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के जरिए नष्ट कर दिया।

सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को पुख्ता बनाए रखने के लिए माओवादी विरोधी अभियान आगे भी इसी तरह पूरी सख्ती के साथ जारी रहेंगे।

Related Articles

Back to top button