Balod Acid Attack: आरोपियों का मुंडन कर पुलिस ने पैदल कोर्ट में किया पेश, घड़ी चौक पर भीड़ ने की कड़ी सजा की मांग
बालोद एसिड अटैक मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पुलिस ने मुंडन कराया और कड़ी सुरक्षा के बीच पैदल न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के बाहर भीड़ ने फांसी की मांग को लेकर नारेबाजी की।

Balod Acid Attack। जिले में 22 वर्षीय युवती पर हुए एसिड अटैक के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायालय में पेश किया। आरोपियों को दल्लीराजहरा चौक से न्यायालय तक पैदल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग और छात्र-छात्राएं मौके पर जमा हो गए और आरोपियों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
न्यायालय में पेशी से पहले पुलिस ने दोनों आरोपियों का मुंडन कराया। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें पैदल कोर्ट परिसर तक ले जाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान रास्ते में लोगों की भीड़ बढ़ती गई और मामले को लेकर नाराजगी देखने को मिली।
आरोपियों के घड़ी चौक के पास पहुंचते ही मौके पर मौजूद भीड़ में आक्रोश बढ़ गया। छात्र-छात्राओं ने आरोपियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उन्हें फांसी की सजा देने की मांग की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और दोनों आरोपियों को न्यायालय परिसर तक पहुंचाया।
मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद आज उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कोर्ट की आगे की कार्रवाई और मामले की जांच के आधार पर प्रकरण में अगली कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।



