Balrampur News: मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने प्रभार जिला बलरामपुर की ली समीक्षा बैठक, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने दिए निर्देश
विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति सुनिश्चित करें, अधिकारी मैदानी क्षेत्रों में जाकर करें योजनाओं की निगरानी : श्रीमती राजवाड़े

Balrampur News: रायपुर, 21 अगस्त 2026। महिला एवं बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री तथा बलरामपुर जिले की प्रभारी मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जिले की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का असर मैदानी स्तर पर दिखाई देना चाहिए। इसके लिए अधिकारी नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का दौरा कर योजनाओं और निर्माण कार्यों की निगरानी करें। उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता और गति बनाए रखने के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
किसानों का एग्रीस्टेक और PM किसान में शत-प्रतिशत पंजीयन
बैठक में लंबित न्यायालयीन प्रकरणों, अविवादित एवं विवादित खाता विभाजन, सीमांकन और एग्रीस्टेक पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की गई। मंत्री ने पात्र किसानों का एग्रीस्टेक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद-बीज के भंडारण एवं वितरण की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा गया।
हर घर मुनगा रोपण पर जोर
आंगनबाड़ी केंद्रों में सुपोषण वृक्ष मुनगा के रोपण की समीक्षा करते हुए मंत्री ने हर घर मुनगा लगाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुनगा पोषण का अच्छा स्रोत है और इसे पोषण अभियान से जोड़कर अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाया जाना चाहिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को जैविक खेती और सब्जी उत्पादन से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, जिससे महिलाओं की आय बढ़ने के साथ परिवारों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
स्कूल भवनों की गुणवत्ता और बच्चों की सुरक्षा प्राथमिकता
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान निर्माणाधीन स्कूल भवनों में गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने और मरम्मत योग्य भवनों की समय पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए। न्योता भोज के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर पोषण उपलब्ध कराने और आश्रम-छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। स्कूलों के सामुदायिक शौचालयों में पर्याप्त पानी, साफ-सफाई और उचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा
मंत्री ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी, निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवनों और मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, खराब हैंडपंपों के तत्काल सुधार और जलस्रोतों के संरक्षण एवं जलसंचय कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।
स्वास्थ्य और पशुपालन योजनाओं पर भी जोर
स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जिला चिकित्सालय में साफ-सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर रखने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग की समीक्षा में कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण और गौधाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अधिक से अधिक पशुपालकों को इन योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
सड़क निर्माण में गुणवत्ता और समय-सीमा का ध्यान
राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई और पीएम जनमन सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग करने तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण का चिन्हांकन और सीमांकन कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
हाथी प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने वर्षा और बोवाई की स्थिति, एग्रीस्टेक पंजीयन, वीबी-जी रामजी, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास, पीएम जनमन आवास और सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने अपराध, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई, सड़क दुर्घटनाओं और हेलमेट जागरूकता अभियान की जानकारी दी।
वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेयी ने विभागीय कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने हाथी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित मुनादी कराने और ग्रामीणों को समय पर सचेत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाथी प्रभावित क्षेत्रों में जनहानि रोकने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी निकुंज, विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



