छत्तीसगढ़बस्तर

Bastar National Cooperative Conference: जगदलपुर में पहली बार राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन, 15 राज्यों के सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक होंगे शामिल

जगदलपुर में 8-9 अक्टूबर को पहली बार राष्ट्रीय सहकारिता सम्मेलन होगा। 15 राज्यों के सहकारिता सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक शामिल होंगे। सहकार से समृद्धि समेत कई विषयों पर मंथन होगा।

Bastar National Cooperative Conference। बस्तर में पहली बार राष्ट्रीय स्तर का सहकारिता सम्मेलन आयोजित होने जा रहा है। 8 और 9 अक्टूबर को जगदलपुर में होने वाले इस सम्मेलन में देशभर के सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता भारत सरकार के सहकारिता सचिव करेंगे।

राष्ट्रीय सम्मेलन में 15 राज्यों के सहकारिता सचिव और 14 राज्यों के पंजीयक हिस्सा लेंगे। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों तक सहकारी संस्थाओं की पहुंच बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सहकारिता से जोड़ने से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना पर होगा मंथन

सम्मेलन का प्रमुख विषय ‘सहकार से समृद्धि’ की कार्ययोजना रहेगा। इसमें सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा। इसके अलावा एम-पैक्स, डिजिटल सहकारिता, सहकारी बैंकिंग और भंडारण व्यवस्था जैसे विषय भी चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

राष्ट्रीय सम्मेलन में विभिन्न राज्यों द्वारा सहकारिता के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और हासिल उपलब्धियों को साझा किया जाएगा। छत्तीसगढ़ की ओर से भी प्रदेश में सहकारिता के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स का गठन

सहकारिता क्षेत्र के विस्तार के तहत छत्तीसगढ़ में 515 नए एम-पैक्स (बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख समितियां) गठित किए गए हैं। इसके साथ ही 3.18 लाख नए किसानों के सहकारी बैंकों में खाते खोले गए हैं। इससे किसानों को सहकारी बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिली है।

प्रदेश के 2,058 एम-पैक्स में माइक्रो एटीएम की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इन माइक्रो एटीएम के माध्यम से अब तक 324 करोड़ रुपये से अधिक का लेनदेन किया जा चुका है। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच आसान हुई है।

Related Articles

Back to top button