Beetroot-Mooli Pickle Recipe: राई-कलौंजी के मसाले से बनाएं चटपटा चुकंदर-मूली का इंस्टेंट अचार
चुकंदर और मूली का चटपटा इंस्टेंट अचार घर पर बनाएं। राई, सौंफ, मेथी और कलौंजी के मसालों से तैयार यह अचार 10-15 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है।

Beetroot-Mooli Pickle Recipe: अगर रोज-रोज आम और मिर्च का अचार खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार चुकंदर और मूली का खट्टा-तीखा अचार जरूर ट्राई करें। राई, सौंफ, मेथी और कलौंजी के मसालों के साथ तैयार यह अचार कुरकुरा और चटपटा स्वाद देता है। इसे धूप में लंबे समय तक रखने की जरूरत नहीं पड़ती और करीब 10-15 मिनट में तैयार किया जा सकता है।
सामग्री
चुकंदर – 1 बड़ा
मूली – 1 बड़ी
हरी मिर्च – 4-5
अदरक – 1 इंच
दरदरी पिसी राई – 2 बड़े चम्मच
दरदरी पिसी सौंफ – 1 बड़ा चम्मच
मेथी दाना – ½ छोटा चम्मच
कलौंजी – ½ छोटा चम्मच
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर या नींबू का रस – 1 बड़ा चम्मच
सरसों का तेल – 3-4 बड़े चम्मच
हींग – ¼ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
ऐसे बनाएं चुकंदर-मूली का अचार
1. सब्जियां तैयार करें:
चुकंदर और मूली को धोकर लंबे-पतले टुकड़ों में काट लें। हरी मिर्च को लंबाई में काटें और अदरक के पतले लच्छे बना लें। सब्जियों को साफ कपड़े पर फैलाकर 15-20 मिनट रखें, ताकि अतिरिक्त पानी अच्छी तरह सूख जाए।
2. अचार का मसाला तैयार करें:
एक बड़े बर्तन में मूली, चुकंदर, हरी मिर्च और अदरक डालें। इसमें दरदरी पिसी राई, सौंफ, मेथी दाना, कलौंजी, हल्दी, लाल मिर्च, हींग, अमचूर और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
3. सरसों के तेल का तड़का दें:
सरसों के तेल को कड़ाही में अच्छी तरह गर्म करें। जब तेल से हल्का धुआं उठने लगे तो गैस बंद कर दें और तेल को थोड़ा गुनगुना होने दें। अब इसे अचार के मिश्रण के ऊपर डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
4. स्वाद सेट होने दें:
अचार को करीब 1-2 घंटे ढककर रखें, ताकि राई और बाकी मसालों का स्वाद चुकंदर और मूली में अच्छी तरह उतर जाए।
कैसे रखें फ्रेश?
तैयार अचार को साफ और पूरी तरह सूखे कांच के जार में भरें और फ्रिज में रखें। नमी से बचाकर रखने पर यह करीब 15-20 दिनों तक कुरकुरा और स्वादिष्ट रह सकता है।
पराठे, दाल-चावल या पूरी के साथ यह चटपटा अचार खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए बढ़िया विकल्प है।



