Bhandarpuri Dham: बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य और समरसता के मार्ग पर आगे बढ़ रही प्रदेश सरकार, सीएम विष्णु देव साय ने दी 29 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
आरंग के भण्डारपुरी धाम में आयोजित संत समागम मेले में शामिल हुए मुख्यमंत्री। 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापना और कई निर्माण कार्यों की घोषणा।

Bhandarpuri Dham: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आरंग विकासखंड स्थित सतनाम पंथ की आस्था के प्रमुख केंद्र भण्डारपुरी धाम में आयोजित ‘गुरु दर्शन एवं संत समागम मेला’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर नमन किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत के तीन महत्वपूर्ण सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया तथा क्षेत्र के विकास के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं।
सत्य, अहिंसा और ‘मनखे-मनखे एक समान’ का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संत शिरोमणि बाबा गुरु घासीदास जी ने सत्य, अहिंसा, करुणा और सामाजिक समरसता का जो संदेश दिया, वह संपूर्ण मानव समाज के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा। बाबा का अमर संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ हमें भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार बाबा गुरु घासीदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।
युवाओं के भविष्य और समाज के विकास के लिए बड़े कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज की शिक्षा और आर्थिक प्रगति के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। समाज के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर देने के लिए दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 कर दी गई है। इसके अलावा भण्डारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार समाज की आस्था और संस्कृति से जुड़े स्थलों के संरक्षण के लिए संकल्पित है।
प्रमुख घोषणाएं और सड़क कार्यों का भूमिपूजन:
सड़क विकास कार्य: लगभग 28 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से मोहंदी-अड़सेना मार्ग, नरदहा के आंतरिक मार्ग और छतौना-दरबा-कूटेसर मार्ग के डामर नवीनीकरण का भूमिपूजन किया गया।
जैतखाम स्थापना: अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
क्षेत्रीय विकास घोषणाएं: तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर ग्राम खमतराई में हाई स्कूल भवन (75 लाख), आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन (30 लाख), मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में निर्माण कार्य (1 करोड़) तथा चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय भवन (85 लाख) के निर्माण की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक इंद्र कुमार साहू व रोहित साहू, सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और संतगण उपस्थित रहे।



