Bijapur Rajyotsav 2026 : नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजाले की ओर बढ़ रहा बीजापुर – मंत्री गुरु खुशवंत साहेब
कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर जवानों का बढ़ाया उत्साह। बीजापुर में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शामिल हुए कैबिनेट मंत्री।

Bijapur Rajyotsav 2026 बीजापुर, 3 नवंबर 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बीजापुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की चुनौतियों से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का वातावरण था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।
बीजापुर प्रवास के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि पहाड़ियों पर तिरंगे का फहराना जवानों के साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।
विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को सम्मानित करते हुए उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
राज्योत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान को गति मिली है। सरकार का उद्देश्य बस्तर के युवाओं को बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और स्थानीय कलाकारों ने बस्तर की समृद्ध लोककला व पारंपरिक नृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर विश्वदीप और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।



