छत्तीसगढ़

Blood Donation News: सेवा संकल्प अभियान में 94 यूनिट रक्तदान, राजस्व मंत्री ने रक्तदाताओं को किया सम्मानित

बलौदाबाजार-भाटापारा में सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। जिला अस्पताल और सिविल अस्पताल में कुल 94 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

Blood Donation News बलौदाबाजार-भाटापारा, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। जिला अस्पताल बलौदाबाजार और सिविल अस्पताल भाटापारा में हुए इस अभियान में युवाओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। दोनों केंद्रों पर कुल 94 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।

राजस्व मंत्री ने बढ़ाया रक्तदाताओं का हौसला

रक्तदान शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने वाली महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिक से अधिक स्वस्थ लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।

मंत्री ने रक्तदान करने वाले युवाओं और नागरिकों को गुलाब का फूल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि संकट के समय दान किया गया रक्त किसी व्यक्ति के लिए जीवन का आधार बन सकता है।

जनप्रतिनिधियों ने भी किया रक्तदान

शिविर में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल और उपाध्यक्ष पवन साहू ने रक्तदान किया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कुल 94 यूनिट में से 51 यूनिट भाटापारा सिविल अस्पताल और 43 यूनिट बलौदाबाजार जिला अस्पताल में एकत्रित किया गया। इस रक्त का उपयोग सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों, सिकलसेल पीड़ितों, गर्भवती महिलाओं और आपातकालीन सर्जरी के दौरान जरूरतमंद मरीजों के उपचार में किया जाएगा।

रक्तदान से जरूरतमंदों को मिलेगा सहारा

आयोजकों के अनुसार रक्तदान जैसी पहल के जरिए अस्पतालों में जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलती है। शिविर में युवाओं की भागीदारी ने सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, पूर्व विधायक प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यदु, भारत स्काउट एंड गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button