छत्तीसगढ़

CG Wildlife News: इंद्रावती टाइगर रिजर्व में शिकारियों पर शिकंजा, 6 आरोपी गिरफ्तार; वन्यप्राणी का मांस और शिकार का सामान जब्त

इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई। नीतिकाकलेर क्षेत्र से 6 आरोपी गिरफ्तार, वन्यप्राणी का मांस और शिकार सामग्री जब्त।

CG Wildlife News: बीजापुर। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने नीतिकाकलेर क्षेत्र में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विभाग की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

वन विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों का शिकार कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से नीतिकाकलेर इलाके में दबिश दी। इस दौरान छह संदिग्धों को पकड़ा गया और उनसे पूछताछ की गई।

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने वन्यप्राणी का मांस और शिकार में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। प्रारंभिक जांच में बरामद मांस नीलगाय का बताया जा रहा है। हालांकि, मांस की वास्तविक पहचान और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी।

वन विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण से जुड़े प्रावधानों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग की टीम यह भी जांच कर रही है कि आरोपी लंबे समय से शिकार की गतिविधियों में शामिल थे या नहीं और इस मामले में इनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी जुड़ा है या नहीं। इंद्रावती टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के संरक्षण के लिए गश्त और निगरानी लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button