छत्तीसगढ़

Education News: चाम्पा स्कूल में राज्यपाल ने किया सभाकक्ष का लोकार्पण, मेधावी विद्यार्थियों और युवाओं का सम्मान

बलौदाबाजार के चाम्पा स्कूल में राज्यपाल रमेन डेका ने नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। मेधावी विद्यार्थियों, वरिष्ठ शिक्षकों और रोजगार प्राप्त युवाओं का सम्मान किया गया।

Education News रायपुर, 29 अगस्त 2026। बलौदाबाजार विकासखंड के ग्राम चाम्पा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित सभाकक्ष का लोकार्पण किया। इस दौरान वरिष्ठ शिक्षकों, 10वीं और 12वीं के मेधावी विद्यार्थियों, पीएटी में चयनित छात्रों तथा ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के तहत रोजगार प्राप्त 9 युवाओं को सम्मानित किया गया।

लक्ष्य के लिए जुनून और मेहनत जरूरी

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि नया सभाकक्ष विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सांस्कृतिक, शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के आयोजन में उपयोगी होगा। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के सामने अपने आचरण से आदर्श प्रस्तुत करने की अपील की।

विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसे हासिल करने का जुनून भी होना चाहिए। लक्ष्य को वास्तविकता में बदलने के लिए निरंतर मेहनत और लगन जरूरी है। उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से विद्यार्थियों को कौशल विकास और विषय विशेषज्ञता के अवसर मिल रहे हैं।

मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल में संतुलन की सलाह

राज्यपाल ने विद्यार्थियों को मोबाइल, सोशल मीडिया और एआई तकनीक के अत्यधिक इस्तेमाल से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि तकनीक सुविधाजनक और उपयोगी है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल आत्ममंथन और रचनात्मकता को प्रभावित कर सकता है। विद्यार्थियों को तकनीक का उपयोग ज्ञान और आवश्यक कार्यों के लिए संतुलित तरीके से करना चाहिए।

राजस्व मंत्री ने बताया ऐतिहासिक अवसर

राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने राज्यपाल के चाम्पा आगमन को गांव के लिए गौरवपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन को याद करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम की शिक्षा नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करते हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से असफलताओं से निराश नहीं होने और लगातार मेहनत करते रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने भी संबोधित किया।

मां की स्मृति में किया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने अपनी स्वर्गीय माता चम्पावती डेका की स्मृति में विद्यालय परिसर में अमलतास का पौधा लगाया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।

धान-चावल के बीजों से बनी राखी ने खींचा ध्यान

समारोह में ‘बिहान’ योजना से जुड़ी आजीविका दीदियों ने अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई। राज्यपाल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान महिलाओं ने धान और चावल के बीजों से तैयार की गई हस्तनिर्मित राखी उन्हें बांधी। राज्यपाल ने महिलाओं के हुनर और इस अनूठी राखी की सराहना की।

समारोह में शिक्षक एवं शिक्षाविद एस.एम. पाध्ये, डॉ. निशा झा, डॉ. डी.एन. राय और भूषण धुरंधर सहित प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 12वीं के स्टेट टॉपर जिज्ञासु वर्मा, साक्षी वर्मा, अमित कुमार टंडन तथा पीएटी में चयनित प्रवीण डहरिया, ममता साहू और मयंक वर्मा को भी सम्मान मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button