छत्तीसगढ़

Chhattisgarh Girdawari News: PV ऐप से फसल गिरदावरी का पटवारियों ने किया बहिष्कार, आदेश वापस नहीं हुआ तो हड़ताल की चेतावनी

छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 के लिए PV ऐप के इस्तेमाल का पटवारियों ने विरोध किया है। आदेश वापस नहीं होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।

Chhattisgarh Girdawari News रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ फसल गिरदावरी 2026-27 को लेकर राजस्व पटवारी संघ ने PV (फसल भौतिक सत्यापन) ऐप से गिरदावरी कराने के निर्देश का विरोध किया है। संघ ने PV ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी का पूर्ण बहिष्कार करने का ऐलान किया है। इस संबंध में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव और भू-अभिलेख संचालनालय के संचालक को ज्ञापन सौंपा गया है।

18 सितंबर को जारी हुआ PV ऐप से गिरदावरी का निर्देश

संघ के अनुसार, खरीफ गिरदावरी वर्ष 2026-27 के लिए 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक का समय निर्धारित किया गया था। इसके तहत प्रदेश के पटवारी DCS और ऑनलाइन माध्यम से फसल गिरदावरी का कार्य कर रहे थे।

पटवारी संघ का आरोप है कि अचानक बिना पूर्व सूचना के ऑनलाइन फसल एंट्री की सुविधा पटवारी आईडी से बंद कर दी गई। इसके बाद 18 सितंबर को PV ऐप के माध्यम से फसल गिरदावरी करने का निर्देश जारी किया गया।

पुराने तरीके से काम करने की मांग

पटवारी संघ ने PV ऐप के जरिए गिरदावरी कराने के निर्देश पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया है। संघ का कहना है कि पहले से चल रही ऑनलाइन प्रक्रिया के बीच अचानक व्यवस्था में बदलाव किए जाने से पटवारियों के सामने व्यावहारिक कठिनाइयां पैदा हुई हैं।

संघ ने शासन से PV ऐप संबंधी आदेश पर पुनर्विचार करने और पूर्व व्यवस्था के संबंध में निर्णय लेने की मांग की है।

आदेश वापस नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

राजस्व पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि PV ऐप से फसल गिरदावरी कराने का आदेश वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा। संघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी है। इससे खरीफ गिरदावरी की प्रक्रिया प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है।

Related Articles

Back to top button