Town Planning News: छत्तीसगढ़ में पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति, युवा टाउन प्लानर्स को मिली बड़ी जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में पहली बार एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई। युवा टाउन प्लानर्स को सुनियोजित शहरी विकास और भविष्य के शहरों की योजना की जिम्मेदारी दी गई।

Town Planning News रायपुर, 9 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ते शहरीकरण को व्यवस्थित दिशा देने के लिए नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में पहली बार एक साथ 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) की नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कार्यक्रम में सभी चयनित अधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
भविष्य के शहरों की योजना पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहरों का नियोजन केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं को देखते हुए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है और शहरों की सीमाओं के साथ नई बसाहटें भी विकसित हो रही हैं। ऐसे में आवासीय क्षेत्र, सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थान, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं की दीर्घकालीन योजना जरूरी है।
उन्होंने नवचयनित अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शा बनाने या भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध नागरिकों की जीवन गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। इसलिए युवा अधिकारियों के कंधों पर प्रदेश के भविष्य के शहरों और कस्बों को बेहतर स्वरूप देने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
25 साल में 17 नियुक्तियां, अब एक साथ 21 अधिकारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ गठन के बाद 25 वर्षों में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में कुल 17 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई थी। इस बार एक साथ 21 अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इससे विभाग की पेशेवर क्षमता बढ़ने के साथ प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने अधिकारियों से अपनी तकनीकी शिक्षा, आधुनिक ज्ञान और नवाचार का उपयोग प्रदेश के बेहतर नियोजन में करने का आह्वान किया। साथ ही ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी दिशा में राज्य सरकार ने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर : विजन 2047’ तैयार किया है। इसका उद्देश्य आधुनिक अधोसंरचना, बेहतर नागरिक सुविधाओं और युवाओं के लिए अधिक अवसरों वाला विकसित छत्तीसगढ़ तैयार करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए शासन-प्रशासन के साथ युवाओं और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
ढाई वर्षों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक तथा बिजली विभाग में 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं। विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे भी जारी है।
पारदर्शिता को कार्यशैली का आधार बनाने की अपील
वित्त तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने नवचयनित अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि सुनियोजित शहरीकरण विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की पेशेवर क्षमता में वृद्धि होगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिस पारदर्शी और निष्पक्ष व्यवस्था के माध्यम से उनका चयन हुआ है, उसी पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली का हिस्सा बनाएं। आम नागरिक जब नक्शा स्वीकृति या अन्य कार्यों के लिए कार्यालय पहुंचे तो उसे सरल, संवेदनशील और पारदर्शी व्यवस्था का अनुभव होना चाहिए।
वन मंत्री केदार कश्यप ने भी नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन मौजूद रहे।



