Chhattisgarh News: 2 सितंबर को रायपुर आएंगे उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, एम्स दीक्षांत समारोह की तैयारियों की मुख्य सचिव ने की समीक्षा

Chattisgarh News: रायपुर, 19 अगस्त 2026। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात, चिकित्सा, स्वागत और कार्यक्रम स्थल से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरे प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुसार सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए एंट्री और एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा और प्रोटोकॉल व्यवस्था पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने रायपुर एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन और एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं के संबंध में रायपुर कलेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कहा गया।
उन्होंने गृह विभाग को सुरक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं और आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
एम्स दीक्षांत समारोह की व्यवस्थाएं होंगी प्रोटोकॉल के अनुरूप
बैठक में दीक्षांत समारोह की बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने एम्स प्रबंधन और अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से संबंधित तैयारियों को समय पर पूरा करने तथा कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



