CG Health News : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का शुभारंभ, छत्तीसगढ़ में कैंसर मरीजों को मिलेगी अत्याधुनिक सुविधा
रायपुर के पचपेड़ी नाका में शुरू हुआ सर्वसुविधायुक्त कैंसर संस्थान; विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल भी रहे मौजूद

रायपुर, 16 अगस्त 2026 : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल परिसर में अत्याधुनिक रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नई कैंसर इकाई में उपलब्ध विश्वस्तरीय उपचार सुविधाओं और आधुनिक मशीनों का निरीक्षण किया तथा अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों की टीम को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल पिछले 36 वर्षों से प्रदेश में स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा है। अब कैंसर मरीजों को जांच, उपचार और थेरेपी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकेंगी। सरकार का मुख्य लक्ष्य यही है कि प्रदेश के नागरिकों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े।
कैंसर की रोकथाम के लिए शुरुआती जांच और स्क्रीनिंग जरूरी: डॉ. रमन सिंह
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस संस्थान के शुभारंभ को छत्तीसगढ़ के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कैंसर जैसी बीमारी से पूरा परिवार प्रभावित होता है। डॉ. सिंह ने समय पर बीमारी की पहचान के लिए नियमित स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया।
प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का लगातार हो रहा विस्तार: श्याम बिहारी जायसवाल
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में सिर्फ 1 मेडिकल कॉलेज था, जिनकी संख्या बढ़कर अब 15 हो चुकी है। उन्होंने बताया कि बस्तर और बिलासपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों के शुरू होने से दूरस्थ अंचलों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू, डॉ. संदीप दवे समेत चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ डॉक्टर और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



