Cooperative Banking News: को-ऑपरेटिव बैंको में रिक्त पदों की भर्ती की कार्यवाही में लाए तेजी : मंत्री श्री केदार कश्यप
सहकारिता मंत्री ने की विभागीय काम-काज की समीक्षा

Cooperative Banking News: रायपुर, 8 सितंबर 2026। सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने नवा रायपुर में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर सहकारी क्षेत्र को अधिक पारदर्शी, डिजिटल और किसान-केंद्रित बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सहकारी बैंकों में रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। इससे पहले विभाग पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों और उनसे जुड़ी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती की अनुमति दे चुका है, जिसमें 198 बैंक पद और 1,162 समिति प्रबंधक के पद शामिल हैं।
मंत्री ने कहा कि प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों और ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सहकारी बैंकों में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार, माइक्रो एटीएम की उपलब्धता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों में कॉमन सर्विस सेंटर का विस्तार करने पर भी जोर दिया।
PACS के कंप्यूटरीकरण और ऑडिट में तेजी
समीक्षा बैठक में प्रदेश की सभी प्राथमिक कृषि साख समितियों के शत-प्रतिशत कंप्यूटरीकरण और अंकेक्षण प्रक्रिया को तेज करने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य सहकारी संस्थाओं की वित्तीय व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाना और किसानों को बैंकिंग सेवाएं अधिक आसानी से उपलब्ध कराना है। अधिकारियों से ब्याज अनुदान, खाद, बीज और कृषि ऋण समय पर उपलब्ध कराने को भी कहा गया।
16 लाख से अधिक किसानों को ₹7,973 करोड़ का कृषि ऋण
चालू खरीफ सीजन 2026 में सहकारी बैंकों के माध्यम से ₹8,800 करोड़ कृषि ऋण वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले अब तक 16 लाख से अधिक किसानों को ₹7,973 करोड़ का ऋण वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का करीब 90 प्रतिशत है। मंत्री ने अधिकारियों को शत-प्रतिशत ऋण वितरण का लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
718 गोदामों का निर्माण पूरा
बैठक में गोदाम निर्माण और नवगठित 515 PACS के संचालन की भी समीक्षा हुई। RIDF के तहत स्वीकृत 725 गोदामों में 718 का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि शेष सात गोदामों का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही 100 सोसायटियों में गोदाम निर्माण सहित अन्य स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।
सहकारी सप्ताह पर कॉफी-टेबल बुकलेट का विमोचन
केदार कश्यप ने 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित सहकारी सप्ताह के दौरान छत्तीसगढ़ में हुए विभिन्न कार्यक्रमों और सहकारी क्षेत्र की गतिविधियों पर आधारित कॉफी-टेबल बुकलेट का विमोचन भी किया। बैठक में अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन के मामलों का शीघ्र निराकरण, न्यायालयीन मामलों में समय पर जवाबदावा, ई-ऑफिस और आधार आधारित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। धान उपार्जन केंद्रों में शेष धान के पारदर्शी और शीघ्र निराकरण पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए किसानों तथा सहकारिता क्षेत्र से जुड़े नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।



