शादी के लिए प्रेमी संग भागी नाबालिग से घिनौनी करतूत, समाज के दो मुखियाओं पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप
छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले का शर्मसार कर देने वाला मामला; परिजनों द्वारा वापस लाने के बाद जाति के दो प्रमुखों ने बनाया हवस का शिकार, पुलिस जांच में जुटी।

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से सामाजिक व्यवस्था और इंसानियत को तार-तार कर देने वाली एक घिनौनी वारदात सामने आई है। दूसरे समुदाय के युवक से भागकर शादी करने वाली 17 वर्षीय किशोरी के साथ उसकी ही जाति के दो प्रभावशाली मुखियाओं द्वारा दुष्कर्म करने का गंभीर मामला उजागर हुआ है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और सनसनी का माहौल है।
घटनाक्रम के अनुसार, पीड़िता ने कुछ समय पूर्व अपनी पसंद के युवक से विवाह कर लिया था। इसके बाद उसके परिवार वाले उसके पति की गैर-मौजूदगी में उसे जबरन वापस ले आए। आरोप है कि लड़की के परिजनों ने उसे समाज के दो रसूखदार नेताओं (मुख्याओं) के सुपुर्द कर दिया। इन दोनों आरोपियों ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म की घिनौनी करतूत को अंजाम दिया।
मामला सामने आने के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है।



