छत्तीसगढ़

Crime News: अंधविश्वास का खौफनाक तांडव! शराबी जेठ ने सरेआम भाई की विधवा को कहा ‘डायन’, लाठी से पीट-पीटकर ले ली जान

पत्थलगांव के डुंगाजोर गांव की दिल दहला देने वाली वारदात; मृतका नवीना राठिया के जेठ आरोपी सुखसिंग को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जशपुर (पत्थलगांव)। विज्ञान और तकनीक के इस आधुनिक और उन्नत युग में भी ग्रामीण क्षेत्रों से अंधविश्वास की ऐसी खौफनाक तस्वीरें सामने आ रही हैं, जो पूरी मानवता को झकझोर कर रख देती हैं। आज जब दुनिया चांद और मंगल ग्रह पर जीवन तलाश रही है, तब भी समाज के कुछ हिस्सों में लोग डायन, टोन्ही और झाड़-फूंक जैसी कुप्रथाओं के जानलेवा जाल में फंसे हुए हैं। ऐसा ही एक दिल दहला देने वाला मामला जशपुर जिले के पत्थलगांव पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डुंगाजोर गांव से सामने आया है, जहाँ अंधविश्वास के चलते एक शराबी जेठ ने अपने ही सगे भाई की विधवा को मौत के घाट उतार दिया।

घरेलू काम में व्यस्त थी महिला, नशे में धुत जेठ ने किया हमला

मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 35 वर्षीय नवीना राठिया के रूप में की गई है, जो अपने पति की मृत्यु के बाद अकेले ही अपना जीवन यापन कर रही थी। सोमवार की सुबह जब नवीना हमेशा की तरह अपने घर के आंगन में रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थी, तभी उसका सगा जेठ सुखसिंग राठिया शराब के नशे में धुत होकर वहाँ आ धमका। आरोपी सुखसिंग ने तमाशा खड़ा करते हुए सरेआम नवीना पर ‘डायन’ और ‘टोन्ही’ होने का घिनौना व झूठा आरोप लगाना शुरू कर दिया। महिला जब तक कुछ समझ पाती, आरोपी ने हाथ में रखी भारी लाठी से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी जेठ गिरफ्तार, इलाके में पसरा मातम

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले हत्याकांड की सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस थाना की टीम तुरंत सक्रिय हुई और मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की प्राथमिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी जेठ सुखसिंग राठिया पूरी तरह से अंधविश्वास का शिकार था और घर में होने वाली परेशानियों या बीमारियों के लिए अपनी ही भावज को जिम्मेदार मानकर उससे रंजिश रखता था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे जेठ सुखसिंग राठिया को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कवायद शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button