CSC 17 Years of Progress Program: डिजिटल इंडिया ने भारत को विश्व में दिलाई नई पहचान; सीएससी डिजिटल क्रांति के वास्तविक सूत्रधार – वित्त मंत्री ओपी चौधरी
Atal Digital Suvidha Kendra Extension: रायपुर में CSC संचालकों का हुआ सम्मान; JAM ट्रिनिटी से सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुँच रहा पैसा

रायपुर न्यूज़: छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी शुक्रवार को रायपुर में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) द्वारा आयोजित ‘17 Years of Progress with Purpose’ कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सीएससी संचालकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और डिजिटल इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए ‘डिजिटल इंडिया मिशन’ ने भारत को वैश्विक मंच पर एक नई पहचान दिलाई है। आज भारत डिजिटल भुगतान और यूपीआई के मामले में दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 38 हजार पंजीकृत सीएससी संचालक छत्तीसगढ़ के 3 करोड़ नागरिकों को एक ही छत के नीचे राजस्व, श्रम, बिजली, आयुष्मान और बैंकिंग जैसी विभिन्न सरकारी सेवाएँ पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करा रहे हैं।
वित्त मंत्री ने आगे कहा कि जनधन, आधार और मोबाइल (JAM Trinity) के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) व्यवस्था ने पारदर्शी सुशासन स्थापित किया है। महतारी वंदन योजना और पीएम आवास योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का पैसा बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुँच रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन-2047’ के तहत विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसमें सीएससी और ‘अटल डिजिटल सुविधा केंद्र’ की भूमिका सबसे अहम रहेगी।



