Governance News : छत्तीसगढ़ में लोक कलाओं के संरक्षण और कलाकारों के प्रोत्साहन के लिए बड़ी पहल, ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ के लिए आवेदन शुरू
छत्तीसगढ़, संस्कृति, विभाग, मुख्यमंत्री, लोक, कलाकार, प्रोत्साहन, योजना, आवेदन, रायपुर, विरासत, कला, राशि, सहायता, चिन्हारी, पोर्टल, पंजीयन, आय, प्रमाण, डाक, संचालक, राजभाषा, नृत्य, संगीत, व्यंजन, शिल्प, परंपरा, खबर, अपडेट, नियम

रायपुर, 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन और कलाकारों के आर्थिक सशक्तीकरण के उद्देश्य से राज्य सरकार के संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय द्वारा ‘मुख्यमंत्री लोक कलाकार प्रोत्साहन योजना-2026’ की शुरुआत की गई है। इस योजना के तहत प्रदेश के पात्र लोक कलाकारों से आवेदन प्रपत्र आमंत्रित किए गए हैं। योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की पारंपरिक लोक कलाओं को जीवित रखना, कलाकारों का सामाजिक सम्मान बढ़ाना और कला दलों के सतत विकास को नई दिशा प्रदान करना है।
योजना के अंतर्गत नृत्य-संगीत, लोक नाट्य, लोकगाथा, छत्तीसगढ़ी गीतकार, वाद्ययंत्र वादक, शिल्पकार, पारंपरिक व्यंजन (पाक कला) तथा छत्तीसगढ़ी सौंदर्य कला (श्रृंगार) से जुड़े कलाकार आवेदन करने के पात्र होंगे। चिन्हारी पोर्टल पर पंजीकृत एवं परीक्षण समिति द्वारा चयनित कलाकारों को प्रतिवर्ष 12,000 रुपये से लेकर अधिकतम 24,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खातों में ई-पेमेंट के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक कलाकार की सभी स्रोतों से कुल वार्षिक आय 96,000 रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
इच्छुक कलाकार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgculture.in से आवेदन प्रारूप डाउनलोड कर या नया रायपुर स्थित संचालनालय कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र सभी आवश्यक सह-पत्रों (आय प्रमाण पत्र, बैंक विवरण, आईएफएससी कोड आदि) के साथ पंजीकृत डाक से 31 अगस्त 2026 तक संचालक, संस्कृति एवं राजभाषा संचालनालय, सेक्टर-27, नया रायपुर के पते पर भेजे जा सकते हैं। प्राप्त प्रविष्टियों की स्क्रूटनी विशेषज्ञ समिति द्वारा की जाएगी, जिसके बाद पात्र लाभार्थियों की सूची जारी होगी।



