छत्तीसगढ़

Development Review: विकास योजनाओं को मिले गति, निर्माण कार्य समय-सीमा में हों पूर्ण

दिशा समिति की बैठक में आजीविका, आवास, जैविक खेती, स्वच्छता, सिंचाई, सड़क और कुपोषण की हुई समीक्षा

Development Review: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सांसद बिलासपुर एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने कलेक्ट्रेट के अरपा सभा कक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में केंद्र और राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने और निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम जनमन योजना, स्वच्छता, सिंचाई, स्वास्थ्य, पोषण और सड़क निर्माण सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा स्थानीय संसाधनों के आधार पर उनकी आय बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।

जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ जिले की पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता, प्रसंस्करण और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत और पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने तथा कुपोषण, टीबी और मलेरिया नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने कहा गया। उन्होंने सभी पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी जोर दिया।

राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित लंबित प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई तथा मध्यान्ह भोजन की स्थिति की निगरानी करने कहा गया। साथ ही आगामी बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

योजनाओं की प्रगति में सामने आए आंकड़े

बैठक में बताया गया कि जिले में 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं और वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 महिलाओं को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूरे हो चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन का लाभ मिल रहा है।

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में 58 हजार 693 हेक्टेयर के लक्ष्य के विरुद्ध 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है। जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं और बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं को पूरक पोषण आहार दिया जा रहा है।

आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 3 लाख 16 हजार 675 लोगों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन पहुंचाया जा चुका है।

बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, मत्स्य पालन, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button